सुशांत सिंह की बहन प्रियंका 'Say No to Bollywood' ट्रेंड में शामिल हुईं

सुशांत सिंह राजपूत ने साल 2020 में मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में फांसी लगा ली थी। इस खबर के सामने आते ही आम जनता से लेकर बॉलीवुड में कोहराम मच गया था।

Update: 2021-03-13 14:58 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | सुशांत सिंह राजपूत ने साल 2020 में मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में फांसी लगा ली थी। इस खबर के सामने आते ही आम जनता से लेकर बॉलीवुड में कोहराम मच गया था। सुशांत का परिवार अपने इकलौते बेटे को खोकर सदमे में चला गया। हालांकि सोशल मीडिया पर सुशांत की मौत को लेकर इंसाफ की मांग अभी भी जारी है। वहीं सुशांत की बड़ी बहन प्रियंका सिंह हाल ही में एक ट्रेंड से जुड़ी हैं।

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के फैंस सोशल मीडिया पर लगातार इंसाफ की मांग कर रहे हैं। इसके चलते उन्होंने Say No To Bollywood ट्रेंड शुरू किया है। अब इस ट्रेंड में सुशांत की बहन प्रियंका सिंह भी शामिल हो गई हैं। प्रियंका ने ट्विटर पर लिखा, 'बॉलीवुड को ना कहें, मुझे मेरा भाई वापस चाहिए'।
सुशांत अपनी चार बहनों में इकलौते भाई थे। ऐसे में अपने भाई को खोकर पूरा परिवार सदमे में है और बहनों का दुख किसी भी तरह से कम नहीं हो रहा है। कुछ समय पहले ही प्रियंका ने 'सोनचिड़िया' के सेट से एक तस्वीर साझा की थी जिसमें उनके भाई सुशांत और फिल्म की स्टार कास्ट एक साथ नजर आ रही थी। इसके साथ उन्होंने लिखा था, 'मुझे याद है कि जब तुमने मुझे ये तस्वीर दिखाई थी तो मैं खुशी से पागल हो गई थी। मैं एक कलाकार के तौर पर तुम्हारी सबसे बड़ी फैन हूं'।
गौरतलब है कि सुशांत की मौत के बाद से बॉलीवुड में नेपोटिजम का मुद्दा बड़ी तेजी से चर्चा में आया था। कंगना रणौत और दूसरे सितारों ने करण जौहर, आलिया भट्ट, सोनम कपूर, महेश भट्ट जैसे सितारों पर नेपोटिजम को बढ़ावा देने और आउटसाइडर्स को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इसके चलते बॉलीवुड के कई सितारों की फिल्मों पर भी असर पड़ा था।
इतना ही नहीं सुशांत कि कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को भी सुशांत के परिवार वालों ने आरोपी बताया था। इसके अलावा ड्रग्स का एंगल सामने आने के बाद से एनसीबी ने जांच शुरू की थी जिसमें रिया का नाम सामने आया था। वो कई दिनों तक जेल में भी रहीं थीं। हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था।


Tags:    

Similar News