शिल्पा राव ने उठाया कलाकारों के सम्मान का मुद्दा, मंच पर व्यवहार से हुईं आहत
एंटरटेनमेंट डेस्क: हाल ही में उत्तराखंड में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान दिग्गज गायक दलेर मेंहदी के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया था, जो अभी तक ठंडा नहीं हुआ है। अब ऐसा ही कुछ राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता गायिका शिल्पा राव के साथ हुआ है।
मुंबई में एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट की परफॉर्मेंस के बीच शिल्पा का माइक बंद कर दिया गया और वह स्टेज पर खड़ी रहीं। सिंगर ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। पूरा मामला क्या है, आइए जानते हैं-
शिल्पा राव का हुआ अपमान
हाल ही में शिल्पा राव मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन में आयोजित बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट (BMP) के 10वें एडिशन में परफॉर्मेंस करने पहुंची। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में गानों का गाया, जिस पर मौके पर मौजूद दर्शक एन्जॉय करते नजर आए। लेकिन मामला तब कंट्रोवर्सी में बदल गया, जब परफॉर्मेंस के बीच में शिल्पा का माइक बंद कर दिया गया और उन्हें फैंस से बात करने या ठीक से अलविदा कहना का मौका भी नहीं दिया गया।
इसके तुरंत बाद दूसरे गायक की परफॉर्मेंस को जारी कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इस म्यूजिक इवेंट को दीपक चौधरी द्वारा प्रोड्यूस किया गया था और अब सोशल मीडिया पर ऑर्गेनाइजर के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा है। गायिका को इस तरह से अपमानित किया जाना लोगों को रास नहीं आ रहा है।
सामने आया शिल्पा राव का रिएक्शन
71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में जीत हासिल करने वालीं शिल्पा राव ने इस पूरे मामले को लेकर अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर पहली प्रतिक्रिया साझा की है और पोस्ट शेयर कर लिखा है-
मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक छोटा सा टुकड़ा टूट गया। इतनी खूबसूरत चीज हमसे इस तरह छीन लेना बहुत दुख देता है। लेकिन जब म्यूजिक बंद हो गया, तब भी तुम नहीं रुके। जिस तरह तुम मेरा नाम पुकारते रहे, तुम्हारी आवाज में प्यार। मैं यह सब महसूस कर सकता था। आज रात की हमारी कहानी अधूरी रह गई। मैं आप सब से वादा करती, मैं जल्द ही वापस आऊंगी। मुंबई, मैं तुमसे हमेशा-हमेशा प्यार करती रहूंगी।
आलम ये है कि अब शिल्पा का ये भावुक संदेश सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है और तमाम फैंस उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं।
आयोजकों ने मांगी माफी
शिल्पा राव जैसी बड़ी कलाकार की गरिमा के साथ अनुचित व्यवहार करने के बाद अब बीएमबी के आयोजकों ने माफी मांगी है और अपनी गलती स्वीकारी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए लिखा है-
इस मामले को लेकर हम दिल से माफी मांगते हैं। बीएमपी (BMP) उद्देश्य हमेशा से यही रहा है कि वे अपने कलाकारों और उनके प्रशंसकों, दोनों को एक बेहतरीन लाइव म्यूजिक अनुभव दें। सबसे अहम बात ये है कि हम शिल्पा राव का बहुत सम्मान करते हैं। हम उनके शानदार करियर, उम्दा कलाकारी और म्यूजिक इंडस्ट्री पर उनके गहरे प्रभाव की दिल से कद्र करते हैं। उन्हें हमारे इस इवेंट में शामिल करना हमारे लिए गर्व की बात रही।