शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा की राजनीति में एंट्री...कांग्रेस ने दिया टिकट

बिहार विधानसभा चुनाव बड़े राजनेताओं के बेटे-बेटियों व रिश्तेदारों को टिकट मिलने का क्रम जारी है।

Update: 2020-10-15 08:43 GMT
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव बड़े राजनेताओं के बेटे-बेटियों व रिश्तेदारों को टिकट मिलने का क्रम जारी है। इस कड़ी में नया नाम शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा का है। कांग्रेस ने शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। बांकीपुर से लव सिन्हा के सामने प्लूरल्स पार्टी की पुष्पम प्रिया चुनाव लड़ रही हैं।

पुष्पम पूर्व जदयू नेता विनोद कुमार चौधरी की बेटी हैं। यूके से पढ़ाई करने वाली पुष्पम ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। मालूम हो कि शत्रुघ्न सिन्हा पिछले साल ही भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। वहीं समाजवादी नेता शरद यादव की बेटी सुभाषिणी यादव भी पिता की कर्मभूमि मधेपुरा जिले के बिहारीगंज से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

सुभाषिणी ने बुधवार को कांग्रेस का दामन थामा है। एमबीए पास सुहभाषिणी खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताती हैं। सुभाषिणी हरियाणा के एक राजनीतिक परिवार की बहू हैं। उनका कहना है कि बेटी होने के नाते वह अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।

सुभाषिणी ने कहा कि जो मेरे पिता की विचारधारा है वहीं मेरी भी विचारधारा है। उन्होंने कहा कि मेरे पिता साल 2017 से महागठबंधन के साथ हैं। पार्टी में शामिल होने के बाद कहा कि उनके पिता की तबीयत ठीक नहीं है। इसलिए वह बिहार की राजनीति में सक्रिय नहीं हैं। मालूम हो कि सुभाषिणी ने पिछले साल लोकसभा चुनावों में मधेपुरा का दौरा किया था।

कांग्रेस ने पहले ही सीएलपी नेता सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश को कहलगांव से और विधायक अवधेश कुमार सिंह के बेटे शशि शेखर सिंह को वजीरगंज सीट से मैदान में उतारा है। पूर्व विधायक आदित्य सिंह की बहू नीटू कुमारी हिसुआ से पार्टी की उम्मीदवार हैं। इस पर जद यू के प्रवक्ता के सी त्यागी ने कहा, "सभी दलों में वंशवाद देखने को मिल रहा है।"

राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर को उनके पिता के गढ़ रामगढ़ से मैदान में उतारा गया है। वहीं, पार्टी उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने शाहपुर बक्सर से अपने बेटे राहुल के लिए टिकट हासिल किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव की बेटी, दिव्य प्रकाश, तारापू से चुनाव लड़ रही हैं। जबकि पूर्व सांसद युगल लवली आनंद और आनंद मोहन सिंह के पुत्र चेतन आनंद, शिवहर से खड़े हैं।

एनडीए में पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह भाजपा के टिकट पर जमुई से चुनाव लड़ेंगी। जद (यू) ने पंचायती राज मंत्री कपिल देव कामत की पुत्रवधू मीना को बाबूगढ़ से, और विधायक जनार्दन मांझी के बेटे जयंत को अमरपुर से उम्मीदवार बनाया है। सीपीआई नेता कमला मिश्रा मधुकर की बेटी शालिनी मिश्रा केसरिया से जदयू उम्मीदवार हैं।

Tags:    

Similar News

-->