शमिता शेट्टी (Shamita Shetty) बॉलीवुड की उन एक्ट्रेसेज में से एक हैं, जो बढ़ती उम्र के साथ और भी ग्लैमरस होती जा रही हैं. 42 साल की उम्र में भी शमिता बोल्ड (Bold) और बिंदास (Bindaas) हैं. शमिता ने अभी तक अपना घर नहीं बसाया है और फिलहाल सिंगल हैं. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में शमिता ने कहा कि वो अब अपने अकेलेपन से परेशान हो गई हैं.

टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में शमिता ने कहा कि मेरी फैमिली मुझे सिंगल देखकर अब फेड अप हो चुकी है. वो सब मुझे जल्दी ही किसी के साथ खुश देखना चाहते हैं. और अगर सच कहूं तो मैं भी अब सिंगल नहीं रहना चाहती हूं. लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि मैं जल्दबाज़ी में कोई फैसला ले लूं.
आगे बात करते हुए शमिता ने कहा कि जब जीवनसाथी की बात हो तो हमेशा सही व्यक्ति का चुनाव करना चाहिए, जिसके साथ आप अपनी पूरी लाइफ बिताने के लिए तैयार हों. मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो अकेलेपन को दूर करने के लिए किसी गलत इंसान से शादी कर लूं. बता दें कि कई हिट फिल्मों का हिस्सा रहीं शमिता का फिल्मी करियर कुछ खास नहीं चल पाया.
अपने फ्लॉप बॉलीवुड करियर पर शमिता ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अपने डेब्यू के बाद उन्होंने गलत फिल्मों को साइन किया और इसके लिए उन्हें अभी तक अफसोस है. फिल्मों के अलावा शमिता ने कई रिएलिटी शोज़ में भी अपना हाथ आज़माया है, वह 'बिग बॉस' और 'झलक दिखला जा सीजन 8' में नज़र आ चुकी हैं. इसके अलावा वह 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी सीजन 9' के फाइनल में भी पहुंची थीं. वह हाल ही में ZEE5 के वेब सीरीज़ 'Black Windows' में नज़र आई थीं. शमिता ने कई ब्रांड्स भी एंडोर्स किया है और फिलहाल वह अपने इंटीरियर डिज़ाइनिंग के करियर पर फोकस कर रही हैं.


Tags: