मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की लीगल टीम ने किसी भी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को मानहानि का नोटिस भेजने की बात से इनकार किया है। अभिनेता के कानूनी प्रतिनिधियों ने अपने सोशल मीडिया पर एक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि अभिनेता की ओर से कोई कानूनी नोटिस नहीं भेजा गया है।
उन्होंने लिखा, "23 नवंबर 2026 की तारीख वाला एक कथित 'कानूनी नोटिस', जिसे शाहरुख खान की ओर से जारी बताया जा रहा है, सोशल मीडिया और कुछ समाचार रिपोर्टों में फैलाया जा रहा है। शाहरुख खान के अधिकृत वकीलों के रूप में, हम स्पष्ट करते हैं कि यह नोटिस उनके द्वारा या उनकी ओर से जारी नहीं किया गया है। मिस्टर खान ने हमें या किसी अन्य वकील या लॉ फर्म को ऐसा कोई नोटिस जारी करने के लिए नहीं कहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "हम मीडिया हाउस और सोशल मीडिया पेजों से अनुरोध करते हैं कि वे किसी भी खबर को चलाने से पहले उसकी पुष्टि कर लें, और अगर उन्होंने इस नोटिस को शाहरुख खान से जोड़ा है, तो उस कंटेंट को सुधारें या हटा दें।"
इससे पहले, एक इवेंट से शाहरुख खान की एक रील सामने आई थी, जिसमें दावा किया गया था कि एक अरबपति के बेटे ने अभिनेता को चुप करा दिया था। बाद में, मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि सुपरस्टार ने उस कंटेंट क्रिएटर को कानूनी नोटिस भेजा है, जिसने इंस्टाग्राम पर वह रील अपलोड की थी।
वहीं, काम की बात करें तो शाहरुख खान जल्द ही आने वाली फिल्म 'किंग' में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म में सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, जयदीप अहलावत, अभय वर्मा और अरशद वारसी सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
'पठान' के बाद, यह फिल्म शाहरुख खान और निर्देशक-निर्माता सिद्धार्थ आनंद का दूसरा प्रोजेक्ट है। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट तथा मार्फ्लिक्स पिक्चर्स द्वारा निर्मित, 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।