Entertainment मनोरंजन : सना मकबूल टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं। वह कई टीवी सीरियल में अहम किरदार निभा चुकी हैं। कुछ दिन पहले हॉस्पिटल से उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर एक दोस्त ने साझा की।
इससे फैंस को अंदाजा हो गया कि सना ठीक नहीं है। अब सना मकबूल ने अपनी बीमारी और उसके इलाज के बारे में विस्तार से बात की है। सना मकबूल ने हिंदुस्तान टाइम्स से की गई बातचीत में अपनी लीवर सिरोसिस की बीमारी के बारे में बात की है। वह कहती हैं, ‘मैं ट्रांसप्लांट से बचने की कोशिश कर रही हूं। इन दिनों मेरी इम्यूनोथैरेपी चल रही है। इस ट्रीटमेंट से काफी थकान महसूस होती है। मैं चाहती हूं, बस जल्दी ठीक हो जाऊं।
यह आसान काम नहीं है लेकिन मैं हार नहीं मानूंगी।’ पिछले दिनों भी सना मकबूल ने भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया के पॉडकस्ट में अपनी बीमारी का जिक्र किया था। वह बताती हैं, ‘साल 2020 में मुझे अपनी बीमारी का पता चला। इसके कोई लक्षण भी नहीं दिखे लेकिन मेरे बॉडी सेल्स, बॉडी ऑर्गेन को अटैक करने लगे। मेरे साथ यह दिक्कत लीवर को लेकर है। मैंने तब से लेकर अब तक अपने खानपान में बहुत बदलाव किया है, में विगन बन चुकी हूं।’ सना मकबूल अपनी बीमारी से एक तरफ जूझ रही हैं। वहीं वह खुशी भरे पलों को भी भरपूर जी रही हैं। आज सना मकबूल का जन्मदिन (13 जून 1993) भी है। सना ने इंस्टाग्राम पर बर्थडे सेलिब्रेट करते हुए एक पोस्ट भी साझा की है। तस्वीरों में वह काफी खुश भी नजर आ रही हैं।