जनता से रिश्ता वेबडेस्क |  ऐसा लगता है कि बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर ने भी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की ओर क़दम बढ़ा दिये हैं, जिसके संकेत उनके एक वीडियो से मिल रहे हैं। नेटफ्लिक्स ने रणबीर कपूर का प्रोमो वीडियो सोशल मीडिया में शेयर किया है, जिसमें रणबीर ने इशारा दिया है। हालांकि, इस प्रोजेक्ट के बारे में कुछ साफ़ नहीं किया है। रणबीर के इस वीडियो के बाद फैंस भी उत्साहित हैं और पूछ रहे हैं आख़िर क्या प्रोजेक्ट है।

वीडियो में रणबीर प्रोमो शूट करने की एक्टिंग करते हुए कह रहे हैं- नेटफ्लिक्स पर एक्शन, कॉमेडी, ड्रामा, रोमांस, कार्टून्स... यानी फैमिली में सबके लिए एंटरटेनमेंट। अपनी लाइन बोलकर वो कुछ देर प्रतिक्रियाओं का इंतज़ार करते हैं। आवाज़ आती है- वाट अ शॉट।

रणबीर को लगता है कि उनके शॉट की तारीफ़ की जा रही है। फिर दिखाया जाता है कि कैमरे के इस तरफ़ सभी लोग मोबाइल पर क्रिकेट देख रहे हैं और उसमें लगे शॉट की तारीफ़ कर रहे हैं। सेट पर सभी लोग क्रिकेट में बिज़ी हैं। इसके बाद रणबीर कहते हैं- पर अभी आप सब बिज़ी हो तो मिलते हैं क्रिकेट के बाद। नेटफ्लिक्स ने वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसके साथ लिखा है- रणबीर कपूर ने आपका ध्यान खींचने के लिए एक और शॉट लिया है, लेकिन हम समझ सकते हैं कि आप लोग नहीं सुन रहे। जल्द मिलते हैं।
रणबीर के इस वीडियो से लगता है कि आईपीएल के बाद नेटफ्लिक्स उनके साथ किसी बड़े प्रोजेक्ट का एलान करने वाला है। इस वीडियो से रणबीर के फैंस भी खासे उत्साहित हैं। कयास लगा रहे हैं कि क्या रणबीर किसी वेब सीरीज़ से ओटीटी डेब्यू करेंगे। एक यूज़र ने यह भी लिखा कि उसे याद है रणबीर ने इंटरव्यू में कहा था कि वेब सीरीज़ में उनकी दिलचस्पी नहीं है।
बता दें, रणबीर कपूर की फ़िल्म ब्रह्मास्त्र निर्माणाधीन है, मगर कोरोना वायरस पैनडेमिक की वजह से शूटिंग रुकी हुई हैं। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बन रही फ़िल्म में आलिया भट्ट फीमेल लीड रोल में हैं। अमिताभ बच्चन, नागार्जुन अक्कीनेनी और मौनी रॉय भी अहम किरदारों में दिखने वाले हैं।


Tags: