'कौन मेरी शादी करवा रहा...' रचित का बयान चर्चा में

Update: 2026-07-16 16:42 GMT

मनोरंजन: बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी और अभिनेता रचित सिंह इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। दोनों की नजदीकियों और रिलेशनशिप की खबरें पिछले काफी समय से मीडिया में सुर्खियां बटोर रही हैं। अब इन अफवाहों के बीच रचित सिंह ने अपनी शादी की खबरों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि उनकी शादी की खबरें कहां से आ रही हैं और कौन उनकी शादी करवाने में लगा हुआ है।

रचित सिंह और हुमा कुरैशी फिल्म 'बेबी डू डाई डू' में साथ नजर आए थे। फिल्म के बाद दोनों के बीच बढ़ती दोस्ती और साथ में नजर आने की वजह से उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है, जहां उन्होंने पैपराजी के सामने मुस्कुराते हुए पोज भी दिए। इसी वजह से फैंस और मीडिया में उनके डेटिंग करने की खबरें सामने आने लगीं।

कुछ समय पहले ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि हुमा कुरैशी और रचित सिंह इसी साल अक्टूबर के आखिर या नवंबर महीने में शादी कर सकते हैं। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी अपने रिश्ते या शादी को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की थी। अब पहली बार रचित सिंह ने इन खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया देकर स्थिति साफ करने की कोशिश की है।

एक इंटरव्यू के दौरान रचित सिंह ने कहा, "पता नहीं कौन, कहां मेरी शादी करवा रहा है! मैं सोच रहा हूं कि अपनी मम्मी का नंबर दे दूं। सब लोग मुझे फोन करके पूछ रहे हैं। ऐसा कुछ नहीं हो रहा है।" रचित के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनका रिएक्शन काफी वायरल हो रहा है। फैंस उनके मजाकिया अंदाज को पसंद कर रहे हैं और शादी की अफवाहों पर चर्चा भी तेज हो गई है।

दरअसल, कुछ हफ्ते पहले फिल्म 'बेबी डू डाई डू' के प्रमोशन के दौरान हुमा कुरैशी ने रचित सिंह के लिए सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर किया था। इस पोस्ट में उन्होंने रचित के संघर्ष और इंडस्ट्री में उनके सफर की तारीफ की थी। हुमा के इस खास पोस्ट के बाद कई लोगों को लगा था कि शायद एक्ट्रेस ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार कर लिया है। हालांकि, दोनों कलाकारों ने अभी तक अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

रचित सिंह की बात करें तो वह अभिनेता होने के साथ-साथ एक एक्टिंग कोच भी हैं। वह उत्तर प्रदेश के बनारस से ताल्लुक रखते हैं। बतौर अभिनेता उन्होंने वेब सीरीज 'कर्मा कॉलिंग' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह फिल्म 'थम्मा' में नजर आए, जिसे उनका बॉलीवुड डेब्यू भी माना जाता है। इसके बाद उन्होंने 'बेबी डू डाई डू' में काम किया। आने वाले समय में वह 'वेलकम टू खोया महल' जैसी सीरीज में नजर आने वाले हैं।

एक्टिंग कोच के तौर पर भी रचित सिंह की अलग पहचान है। उन्होंने बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों को अभिनय की ट्रेनिंग दी है। इनमें आलिया भट्ट, रणवीर सिंह, विक्की कौशल, वरुण धवन और अनुष्का शर्मा जैसे नाम शामिल हैं। अभिनय के साथ-साथ वह कलाकारों को परफॉर्मेंस और किरदार की तैयारी में मदद करते हैं।

वहीं हुमा कुरैशी भी बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्रियों में शामिल हैं। वह जल्द ही सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म को लेकर पहले ही दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। हुमा का फर्स्ट लुक भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था।

फिलहाल हुमा कुरैशी और रचित सिंह की शादी की खबरों पर विराम लग गया है, क्योंकि रचित ने साफ कर दिया है कि ऐसी कोई योजना नहीं है। हालांकि, दोनों की दोस्ती और बॉन्डिंग को लेकर फैंस की दिलचस्पी लगातार बनी हुई है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में दोनों अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा करते हैं या नहीं।

Tags:    

Similar News