जनता से रिश्ता वेबडेस्क | निर्माता बोनी कपूर और जी स्टूडियोज के सहयोग से बनी फिल्म ‘मैदान’ बीते पिछले करीब ढाई साल से अपनी रिलीज की राह तक रही है। ये फिल्म अगले हफ्ते भी सिनेमाघरों में नहीं पहुंच रही है और इसकी रिलीज को लेकर जिस तरह तारीख पर तारीख बढ़ती जा रही है, उससे इसके सीधे ओटीटी पर रिलीज होने के आसार बनते जा रहे हैं। फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने की तारीख तय नहीं है और जी स्टूडियोज के अधिकारी फिलहाल इस बारे में कुछ भी स्पष्ट बता भी नहीं रहे हैं।

अभिनेता अजय देवगन की बनकर तैयार फिल्म 'मैदान' सबसे पहले 27 नवंबर 2020 को रिलीज होनी थी। फिर इसकी रिलीज बढ़ाकर 11 दिसंबर 2020 की गई। कोविड के चलते इसकी इसकी रिलीज तारीख 13 अगस्त 2021 तक खिसकी। अगस्त के बाद फिल्म की रिलीज तारीख दशहरे के मौके पर यानी 15 अक्टूबर 2021 को कर दी गई। यह तारीख फिर बदली और नई तारीख 3 जून 2022 मिली।

फिल्म 'मैदान' की तारीख के बदलते सिलसिले के क्रम में अभिनेता अजय देवगन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक और नई तारीख की घोषणा 17 फरवरी 2023 की। यह तारीख भी बदली और फिर से नई तारीख 12 मई 2023 मिली। इस तारीख को भी फिल्म के रिलीज का कोई फैसला नहीं नहीं हुआ और फिर 23 जून 2023 की तारीख तय हुई। अब यह तारीख भी खिसक गई और अब यह अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म को जन्माष्टमी के आस पास 7 सितंबर को रिलीज किया जाएगा, लेकिन अभी इस तारीख को लेकर किसी तरह की आधिकारिक रूप से घोषणा नहीं हुई।

Tags: