Entertainment मनोरंजन : बॉलीवुड में एक और मच अवेटेड सीक्वल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ गया है। साल 2017 की सुपरहिट फिल्म शादी में जरूर आना अब एक नए अध्याय के साथ वापसी करने जा रही है और इस बार लीड रोल में हैं दो यंग और टैलेंटेड चेहरे- अभय वर्मा और नितांशी गोयल।
जहां पहली फिल्म में राजकुमार राव और कृति खरबंदा की जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीता था, वहीं इस बार कहानी को एक नई सोच, नया जमाना और नई जोड़ी देने की कोशिश की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 'मुंज्या' फेम अभय वर्मा और लापता लेडीज की नितांशी गोयल को लेकर निर्देशक रत्ना सिन्हा ने ये भरोसा जताया है कि यह फ्रेश जोड़ी पुराने दर्शकों को भी जोड़े रखेगी और नए दर्शकों को भी अपनी तरफ खींचेगी।
अभय वर्मा जहां द फैमिली मैन 2 और हाल ही में मुंज्या जैसी फिल्मों से एक संवेदनशील और मजबूत कलाकार के रूप में उभरे हैं, वहीं नितांशी गोयल को लापता लेडीज़ में उनके बेहतरीन अभिनय के लिए काफी सराहना मिली थी। दोनों युवा कलाकारों का फिल्म में आना, कहानी को एक नए आयाम की ओर ले जाने का संकेत दे रहा है।