मुंबई: सिंगिंग रियलिटी शोज में कंटेस्टेंट्स की परफॉर्मेंस और उनकी कहानियों को लेकर लंबे समय से बहस होती रही है। कई बार यह सवाल उठता है कि टीवी पर दिखाई जाने वाली भावनाएं और कंटेस्टेंट्स की कहानियां कितनी वास्तविक होती हैं। इसी बीच सिंगर नेहा कक्कड़ ने रियलिटी शोज के स्क्रिप्टेड या फेक होने की बात को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि इन शोज में दिखाई जाने वाली कंटेस्टेंट्स की कहानियां और भावनाएं वास्तविक होती हैं।
हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान नेहा कक्कड़ से सिंगिंग रियलिटी शोज की गिरती TRP और इनके कथित तौर पर स्क्रिप्टेड होने को लेकर सवाल किया गया। उनसे उन जजों के बयानों पर भी प्रतिक्रिया मांगी गई, जिन्होंने रियलिटी शोज के मौजूदा फॉर्मेट पर सवाल उठाए हैं।
नेहा बोलीं- जब तक मैं कर रही थी, TRP हाईएस्ट थी
सवाल के जवाब में नेहा कक्कड़ ने अपनी बात रखते हुए कहा कि शो की TRP इसलिए कम हुई क्योंकि उन्होंने इन शोज में काम करना छोड़ दिया। उन्होंने अपनी बात को एक कहावत से जोड़ते हुए कहा कि जब किसी को अंगूर नहीं मिलते तो वह उन्हें खट्टा बताने लगता है।
हालांकि, नेहा ने इसके साथ यह भी साफ किया कि उनका मानना है कि सिंगिंग रियलिटी शोज पूरी तरह स्क्रिप्टेड नहीं होते। उन्होंने कहा कि किसी इंसान की जिंदगी को स्क्रिप्ट के मुताबिक नहीं चलाया जा सकता।
नेहा ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में बहुत से लोग सामान्य और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर आगे आते हैं। उन्होंने बताया कि वह खुद भी एक साधारण बैकग्राउंड से आती हैं। ऐसे में जब किसी कंटेस्टेंट की कहानी सुनकर उन्हें भावुकता महसूस होती है, तो वह उनके वास्तविक इमोशंस होते हैं।
कंटेस्टेंट्स की कहानियां बनाई नहीं जातीं- नेहा
नेहा ने कहा कि देश के अलग-अलग छोटे शहरों और कस्बों से आने वाले कंटेस्टेंट्स को आगे बढ़ने के लिए कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उनके मुताबिक, कोई कंटेस्टेंट अचानक से टीवी पर दिखाने के लिए नई कहानी बनाकर नहीं आ जाता।
उनका कहना था कि जो कहानी वास्तविक है, वही दर्शकों के सामने आती है और उसी के आधार पर दर्शक कंटेस्टेंट की यात्रा को देखते हैं। नेहा इससे पहले ‘इंडियन आइडल’ और ‘सुपरस्टार सिंगर’ जैसे शोज में जज के तौर पर नजर आ चुकी हैं और कई मौकों पर कंटेस्टेंट्स की कहानियां सुनकर भावुक भी हुई हैं।
सुनिधि चौहान ने उठाए थे रियलिटी शोज के फॉर्मेट पर सवाल
नेहा की यह प्रतिक्रिया सिंगर सुनिधि चौहान के पुराने बयान के बीच सामने आई है। सुनिधि ने राज शमानी के पॉडकास्ट में सिंगिंग रियलिटी शोज के बदलते फॉर्मेट पर विस्तार से बात की थी।
सुनिधि के मुताबिक, उन्हें ‘इंडियन आइडल’ के शुरुआती दो सीजन पसंद थे। उनका कहना था कि उस समय शो में कंटेस्टेंट की असली परफॉर्मेंस और उसके व्यक्तित्व पर ज्यादा ध्यान दिया जाता था। उनके अनुसार, शुरुआती दौर में किसी प्रतियोगी की लंबी कहानी तैयार करके उसे पेश करने का चलन आज की तुलना में कम था।
सुनिधि ने यह भी कहा था कि अगर कोई कंटेस्टेंट अच्छा नहीं गाता था तो जज उसकी परफॉर्मेंस पर मजाक भी करते थे। लेकिन उनके मुताबिक, दर्शकों तक पहुंचने वाली गायकी वास्तविक होती थी।
‘डॉक्टर्ड’ और ‘करेक्टेड’ चीजों का सुनिधि ने किया दावा
सुनिधि ने मौजूदा रियलिटी शोज को लेकर दावा किया था कि टीवी पर दिखाई जाने वाली कई चीजें अब ‘डॉक्टर्ड’ और ‘करेक्टेड’ होती हैं। उन्होंने कहा था कि मेकर्स नहीं चाहते कि शो में कोई खराब सिंगर दिखाई दे, इसलिए कई बार परफॉर्मेंस को टीवी पर बेहतर तरीके से पेश किया जाता है।
उन्होंने एक स्थिति का उदाहरण देते हुए कहा था कि कभी-कभी जज किसी कंटेस्टेंट की इतनी तारीफ करते हैं कि उसे शानदार बताकर उसके लिए खड़े तक हो जाते हैं, लेकिन अगले एपिसोड में वही प्रतियोगी बाहर हो जाता है। सुनिधि के मुताबिक, इससे दर्शकों को भी समझ नहीं आता कि आखिर ऐसा क्यों हुआ।
कंटेस्टेंट को आगे बढ़ाने के लिए तारीफ करने से इनकार
सुनिधि ने बताया था कि उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी तब हुई, जब उनसे किसी खास कंटेस्टेंट को आगे बढ़ाने के लिए अच्छी बातें कहने को कहा गया। उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया क्योंकि उनके अनुसार किसी प्रतियोगी को आगे बढ़ाने का आधार उसकी परफॉर्मेंस होना चाहिए।
उन्होंने यह भी दावा किया था कि कभी-कभी विजेता चुनने के पीछे सिर्फ गायकी नहीं, बल्कि शो के बाद मिलने वाले संभावित फायदे भी देखे जाते हैं। जिस कंटेस्टेंट से दर्शक ज्यादा जुड़ जाते हैं, उसके भविष्य में भी ऑडियंस खींचने की संभावना को ध्यान में रखा जा सकता है।
सुनिधि ने कहा था कि इसी वजह से उन्होंने धीरे-धीरे रियलिटी शोज से दूरी बनानी शुरू कर दी। हालांकि, ‘द वॉइस’ के भारतीय संस्करण में काम करते समय उन्होंने कुछ शर्तें रखी थीं, जिन्हें मेकर्स ने स्वीकार किया था। उनके मुताबिक, वहां जज और दर्शक वही सुनते थे जो कंटेस्टेंट ने वास्तव में गाया था और यही बात उन्हें पसंद आई।
Tags: