मनोरंजन: बॉलीवुड एक्ट्रेस नेहा धूपिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पैपराजी के व्यवहार पर नाराजगी जताती नजर आ रही हैं। उन्होंने खासतौर पर बैक शॉट वीडियो बनाने के ट्रेंड पर सवाल उठाते हुए इसे तुरंत बंद करने की अपील की।
वीडियो में नेहा धूपिया कहती हैं कि बार-बार मना करने के बावजूद कुछ पैपराजी एक्ट्रेसेस का पीछे से वीडियो शूट करते हैं, जो गलत है। उन्होंने कहा, “ये पीछे से वीडियो कौन बनाता है? प्लीज इसे बंद करो।” उन्होंने आगे कहा कि कलाकारों को अक्सर बैग, किताब या अन्य चीजों से खुद को छिपाना पड़ता है, जो अब बंद होना चाहिए।
नेहा ने यह भी कहा कि वह और अन्य कलाकार हमेशा पैपराजी से सम्मान के साथ बात करते हैं, इसलिए उनकी प्राइवेसी का भी सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी एक्ट्रेस की अनुमति के बिना इस तरह के वीडियो नहीं बनाए जाने चाहिए। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने नेहा की बात का समर्थन किया है, जबकि कुछ ने इसे मीडिया और सेलेब्रिटी के बीच पुरानी बहस बताया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कई सितारे पैपराजी के इस तरह के व्यवहार पर आपत्ति जता चुके हैं। जाह्नवी कपूर और सोनाक्षी सिन्हा जैसे कलाकारों ने भी सार्वजनिक जगहों पर प्राइवेसी के सम्मान की बात कही है। नेहा धूपिया की बात करें तो वह इन दिनों अपने पति अंगद बेदी के साथ चैट शो ‘डबल डेट’ को होस्ट कर रही हैं। इस शो में कई सेलेब्रिटी कपल्स अपनी निजी जिंदगी से जुड़े अनुभव साझा करते हैं।