अभिनेत्री नीतू कपूर पहली बार डांसिंग शो को जज करेंगी

बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू कपूर जल्द ही छोटे पर्दे पर अपना डेब्यू करने जा रही हैं। वह पहली बार किसी डांसिंग रियेलिटी शो को जज करती नजर आएंगी। हालांकि वह मेहमान के तौर पर कई बार शोज का हिस्सा बनी हैं।

Update: 2022-03-23 02:06 GMT

बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू कपूर जल्द ही छोटे पर्दे पर अपना डेब्यू करने जा रही हैं। वह पहली बार किसी डांसिंग रियेलिटी शो को जज करती नजर आएंगी। हालांकि वह मेहमान के तौर पर कई बार शोज का हिस्सा बनी हैं। कलर्स के शो 'डांस दीवान जूनियर' का प्रोमो लॉन्च हुआ है, जिसमें नीतू कपूर कोरियोग्राफर मर्जी पेस्तोनजी के साथ जमकर डांस करती नजर आ रही हैं।

कलर्स ने यह प्रोमो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जारी किए हैं, जिसमें नीतू कपूर 'बचना ए हसीनों' गाने की धुन पर यह कहती हुई एंट्री लेती हैं कि दीवानगी दिल से होती है, उम्र से नहीं...। इसके बाद नीतू कपूर कोरियोग्राफर मर्जी के साथ अपने बेटे रणबीर कपूर के गाने 'बदतमीज दिल' पर कुछ बच्चों के साथ डांस करती नजर आती हैं। वीडियो के साथ लिखा गया है कि शांत नहीं रह सकते, क्योंकि आ रहा है 'डांस दीवाने जूनियर'। नन्हें डांस के सितारों के साथ होगी दीवानगी मोर, डांस हार्डकोर!

नीतू कपूर ने अपने एक स्टेटमेंट में कहा कि उन्हें इस शो का हिस्सा बनकर बहुत खुशी हो रही है। ये शो आने वाली पीढ़ी को अपनी प्रतिभा दिखाना का एक सुनहरा अवसर देगा। उन्होंने कहा कि मैं 'डांस दीवाने जूनियर' में अपनी भूमिका को एक जिम्मेदारी के रूप में देखती हूं। मैं बच्चों को मंच पर डांस करते हुए देखने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती।

वहीं, नोरा फेतही भी शो में बतौर जज की भूमिका निभाएंगी। शो का एक और प्रोमो जारी किया गया है, जिसमें नोरा फतेही येलो रंग की साड़ी में टिप टिप बरसा पानी पर डांस करती नजर आ रही हैं। नोरा पहले भी कई डांस रियेलिटी शोज को जज कर चुकी हैं। इस शो में 4 से 14 साल तक बच्चे हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि शो कब शुरू होगा इसकी डेट अभी सामने नहीं आई है। 

Tags:    

Similar News