नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना ने ट्रोल्स को दिया मुंहतोड़ जवाब, विजय देवरकोंडा संग रिश्ते पर तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली: करण जौहर के शो में रश्मिका मंदाना ने अपनी लव स्टोरी को लेकर कुछ ऐसा बताया कि सोशल मीडिया पर बवाल ही मच गया. रश्मिका ने कहा था कि शादी के लिए उन्होंने विजय देवरकोंडा को पूरे एक साल तक मनाया और करीब 100 बार कहा, तब जाकर वो शादी के लिए राजी हुए. बस फिर क्या था, इंटरनेट की जनता ने इस बात को पकड़कर दोनों के रिश्ते पर सवाल उठाने शुरू कर दिए.
किसी ने विजय को ‘रेड फ्लैग’ बता दिया, तो किसी ने रश्मिका को सलाह दे डाली कि उन्हें इससे बेहतर पार्टनर मिलना चाहिए. कुछ लोगों ने तो दोनों के तलाक तक की भविष्यवाणी कर दी. लेकिन अब रश्मिका ने भी चुप्पी तोड़ दी है. एक्ट्रेस ने 8 पेज का लंबा-चौड़ा नोट लिखकर अपने रिश्ते पर सवाल उठाने वालों को जवाब दिया है. उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी लव स्टोरी को बाहर बैठकर जज करना इतना आसान नहीं है, जितना सोशल मीडिया पर लोगों को लग रहा है.
रश्मिका ने अपने नोट की शुरुआत इंटरनेट पर उन्हें प्यार देने वालों और लगातार ट्रोल करने वालों, दोनों को संबोधित करते हुए की. उन्होंने लिखा- मैं आमतौर पर इन चीजों पर जवाब नहीं देती, क्योंकि सबको अपनी राय रखने का हक है. कभी-कभी तो मुझे दूसरों की राय पढ़ने में मजा भी आता है. लेकिन इस बार मेरे इंटरव्यू पर जो बवाल मचा है, वो राय कम और गुस्से से भरी भीड़ ज्यादा लग रही है, जिसे बस अपना गुस्सा निकालने के लिए कोई चाहिए था.
एक्ट्रेस ने आगे बताया कि लोगों ने उनकी बात का असली मतलब समझने के बजाय सिर्फ इस बात को पकड़ लिया कि उन्होंने विजय को 100 बार शादी के लिए मनाया था. रश्मिका के मुताबिक- ये कभी भी इस बारे में नहीं था कि कितनी बार बोला या पूरा एक साल. तुम लोग वहीं पर अटक गए. वो चाहता था कि हम दोनों एक-दूसरे को समझने के लिए टाइम और स्पेस लें और पक्का कर लें कि जिंदगी के उतार-चढ़ाव, खुशी और टेंशन के बावजूद हम यही चाहते हैं और यही सही वक्त है. और हमने किया. हमने एक-दूसरे को चुना.
रश्मिका ने अपने और विजय के रिश्ते को समझाते हुए कहा कि दोनों का सोचने का तरीका अलग हो सकता है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि उनके प्यार में कोई कमी है. उन्होंने लिखा- ये ओके है कि मुझे पता था कि मुझे क्या चाहिए. और ये भी उतना ही ओके है कि उसे सोचने के लिए वक्त चाहिए था, सारी प्रैक्टिकल चीजों को सोचने के लिए. इससे हमारे प्यार में कोई कमी नहीं आई. मैं दिल वाली हूं और वो दिमाग वाला- और हमें एक-दूसरे की जिंदगी में इसी की जरूरत है.
एक्ट्रेस ने ये भी साफ किया कि उनके लिए शादी कभी किसी बड़े प्रपोजल, घुटनों पर बैठने या उंगली में अंगूठी पहनाने का नाम नहीं रही. उनके लिए असली मायने साथ मिलकर जिंदगी और भविष्य बनाने के हैं.
रश्मिका के नोट की सबसे ज्यादा चर्चा उनकी उस बात को लेकर हो रही है, जिसमें उन्होंने अपने प्यार का खुलकर इजहार किया. ट्रोलर्स को जवाब देते हुए एक्ट्रेस ने लिखा- ऐसा इंसान ढूंढो जिसके लिए तुम किसी भी हद तक जा सको और जो तुम्हारे लिए भी उतना ही करे. और हां, मैं अपने बंदे के प्यार में पागल हूं. ये कब से बुरी बात हो गई?
उन्होंने आगे कहा- अगर मैं जिससे शादी कर रही हूं, उसी से प्यार में नहीं हूं, तो फिर शादी करूंगी ही क्यों? वो मेरी पूरी जिंदगी का साथी होने वाला है. आम दिनों और खास दिनों में मेरा दोस्त, मेरे बच्चों का पिता और वो इंसान जिसके साथ मैं बूढ़ी होऊंगी.
रश्मिका ने अपनी बात को और दमदार बनाते हुए कहा- ऐसा मर्द ढूंढो जो तुमसे इतने खूबसूरती से प्यार करे कि शादी के बाद भी तुम्हारा मन करे उससे कहने का, ‘चलो, शादी करते हैं.’ मैं इसे हजार बार करूंगी- 100 तो कुछ भी नहीं है. एक्ट्रेस के लिए विजय को बार-बार शादी के लिए कहना कोई परेशानी नहीं, बल्कि अपने प्यार को खुलकर जाहिर करने का तरीका है.
रश्मिका ने उन लोगों को भी जवाब दिया, जो उनके रिश्ते को अपने नजरिए से देखकर फैसला सुना रहे थे. उन्होंने लिखा- हम दोनों ने अपनी जिंदगी अपने दम पर, अपनी मर्जी और अपनी मेहनत से बनाई है. हम समझदार, काबिल एडल्ट हैं, जिन्हें ये आजादी मिली है कि हम चुन सकें कि कैसे जीना है और किसके साथ जीना है. और हमने US को चुना है. हम एक-दूसरे को बार-बार चुनते रहेंगे, आखिर तक.
यहां रश्मिका ने अपने रिश्ते को लेकर किसी तीसरे की राय को अहमियत देने से साफ इनकार कर दिया. उनका कहना है कि अगर उनकी लव स्टोरी किसी और की सोच से मेल नहीं खाती, तो इसमें परेशान होने वाली कोई बात नहीं है.
रश्मिका ने उन महिलाओं का भी शुक्रिया अदा किया, जो उनके लिए चिंता जताते हुए उन्हें रिश्ते से बाहर निकलने की सलाह दे रही थीं. लेकिन इसके साथ ही उन्होंने एक ऐसी बात कही, जिसने उनके नोट को और इमोशनल बना दिया.
एक्ट्रेस ने लिखा- थैंक यू. सच में. पर काश तुम में से कुछ लोग दो साल पहले वहां होते, जब चीजें सच में बहुत-बहुत मुश्किल थीं. तुम वहां नहीं थीं. वो था और वो आज भी है.
रश्मिका ने आगे कहा कि आज वो अपनी जिंदगी में सबसे ज्यादा खुश हैं. उन्होंने अपनी खुशी का जिक्र करते हुए लिखा- मैं खुश हूं. मैं संतुष्ट हूं. मैं ब्लेस्ड हूं. उनके मुताबिक, किसी रिश्ते की सच्चाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक बयान से नहीं, बल्कि उन मुश्किल वक्तों से पता चलती है, जिनमें दो लोग एक-दूसरे का साथ निभाते हैं.
अपने नोट में रश्मिका ने उन निजी पलों का भी जिक्र किया, जब उन्हें अपने पार्टनर के साथ की जरूरत होती है. उन्होंने लिखा- जब मेरी हड्डी टूटती है, तुम वहां नहीं होते. वो होता है. जब हर महीने मेरा पेट दुखता है, तुम वहां नहीं होते. वो होता है. जब मैं आधी रात को एंग्जायटी में उठ जाती हूं, तुम वहां नहीं होते. वो होता है. जब मुझे सलाह चाहिए, प्रोटेक्शन चाहिए, सुकून चाहिए और सपोर्ट चाहिए- तुम तब भी नहीं होते. वो होता है.
रश्मिका के मुताबिक, उन्हें अपने रिश्ते में वही प्यार मिला है, जिसकी उन्हें तलाश थी. उन्होंने कहा- कोई ऐसा हो जो तुम्हारे लिए ताली बजाए, तुम पर प्यार बरसाए, तुम्हारा ख्याल रखे और तुम्हारी हर जीत सेलिब्रेट करे- बस मुझे वही प्यार चाहिए था और वो मुझे मिला है.
इसके बाद एक्ट्रेस ने लोगों से अपील की कि वो उनके और विजय के रिश्ते को लेकर चिंता करना छोड़ दें और अपनी जिंदगी में भी प्यार और खुशी तलाशें. रश्मिका ने अपने नोट के आखिरी हिस्से में उन लोगों को भी खरी-खरी सुनाई, जो उनके रिश्ते पर टिप्पणी करते-करते उनकी फैमिली को निशाना बनाने लगे थे. उन्होंने लिखा- मेरे बारे में जितना बुरा बोलना है बोलो. मैं सह लूंगी. पर मेरी फैमिली के बारे में बिना उन्हें जाने बोला? वो फेमिनिज्म नहीं है. वो फेमिनिज्म के नाम पर बदमाशी है.
एक्ट्रेस ने फेमिनिज्म का मतलब समझाते हुए कहा- फेमिनिज्म कभी भी किसी और को नीचा दिखाने या खुद को बड़ा दिखाने के बारे में नहीं था, चाहे तुम मर्द हो या औरत. ये हमेशा अपनी जिंदगी खुद चुनने और उसकी कमान अपने हाथ में लेने की आजादी के बारे में था.
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी के फैसले खुद लिए हैं और इसके बदले उन्हें बेइंतहा प्यार मिला है. अपने कन्नड़ फैंस को भी रश्मिका ने प्यार दिया और उन लोगों का शुक्रिया अदा किया, जो सालों बाद भी उन्हें याद करते हैं और उनका जश्न मनाते हैं.
अब सवाल ये है कि रश्मिका की ये बेबाक बात ट्रोलर्स का मुंह बंद कर पाएगी या सोशल मीडिया पर इस लव स्टोरी को लेकर बहस अभी और लंबी चलेगी?