एंटरटेनमेंट डेस्क: रणबीर कपूर और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Ramayana’ को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस मेगा बजट फिल्म को भारतीय दर्शकों से पहले विदेश में रिलीज किया जाएगा। अब ताजा रिपोर्ट के मुताबिक बाकी अंतरराष्ट्रीय बाजारों से भी एक दिन पहले ऑस्ट्रेलिया में 5 नवंबर 2026 को फिल्म रिलीज होगी। यानी बड़े पर्दे पर रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया के दर्शक देख सकेंगे।
ऑस्ट्रेलिया में 5 नवंबर को रिलीज
‘Ramayana’ की अंतरराष्ट्रीय रिलीज पहले 6 नवंबर तय की गई थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में फिल्म को एक दिन पहले यानी 5 नवंबर को सिनेमाघरों में उतारने की तैयारी है। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की ऑस्ट्रेलियाई थिएटर लिस्टिंग में 5 नवंबर की तारीख सामने आई है। इसके बाद अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में फिल्म 6 नवंबर को पहुंचेगी।
इस तरह ऑस्ट्रेलिया फिल्म देखने वाला पहला बड़ा विदेशी बाजार बन सकता है। रिलीज रणनीति ऐसे समय सामने आई है जब इसी फेस्टिव विंडो में जापानी फिल्म ‘Godzilla Minus Zero’ भी अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने वाली है।
भारत में कब रिलीज होगी Ramayana?
भारतीय दर्शकों को फिल्म के लिए थोड़ा ज्यादा इंतजार करना पड़ेगा। निर्माता नमित मल्होत्रा के मुताबिक ‘Ramayana’ को भारत में 8 नवंबर 2026 को दिवाली के दिन रिलीज करने का लक्ष्य है। वहीं सामान्य अंतरराष्ट्रीय रिलीज 6 नवंबर को रखी गई है।
नमित मल्होत्रा ने अलग-अलग रिलीज डेट के पीछे की वजह भी बताई थी। उनके मुताबिक अंतरराष्ट्रीय फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन में शुक्रवार को रिलीज का चलन है और 6 नवंबर शुक्रवार है। दूसरी ओर भारत में निर्माता दिवाली के त्योहार को ध्यान में रखकर 8 नवंबर को फिल्म रिलीज करना चाहते हैं।
रणबीर बनेंगे राम और यश रावण
फिल्म की स्टारकास्ट भी इसकी सबसे बड़ी खासियत है। रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन ‘दंगल’ फेम नितेश तिवारी ने किया है।
‘Ramayana’ को दो भागों में तैयार किया जा रहा है और निर्माता इसे सिर्फ भारतीय दर्शकों तक सीमित न रखते हुए बड़े ग्लोबल सिनेमाई प्रोजेक्ट के तौर पर पेश करने की तैयारी में हैं।
विदेश में पहले क्यों दिखाई जाएगी फिल्म?
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शुक्रवार को नई फिल्मों की रिलीज आम है। इसी वजह से वहां 6 नवंबर की तारीख चुनी गई, जबकि भारत में दिवाली का दिन प्राथमिकता में रखा गया। अब ऑस्ट्रेलिया में 5 नवंबर की रिलीज इस रणनीति को और दिलचस्प बना रही है।
यानी मौजूदा शेड्यूल के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया में 5 नवंबर, अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 6 नवंबर और भारत में 8 नवंबर को ‘Ramayana’ के दर्शनों का मौका मिलेगा। हालांकि रिलीज में अभी लगभग दो महीने बाकी हैं, इसलिए अंतिम थिएटर शेड्यूल में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
Tags: