मनोरंजन: इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है। शरवरी और वेदांग रैना स्टारर इस फिल्म ने अब तक वर्ल्डवाइड लगभग 73.01 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है और इसे स्लीपर हिट माना जा रहा है। इसी बीच फिल्ममेकर महेश भट्ट ने फिल्म को लेकर बड़ा बयान देते हुए इसकी सराहना की है।
महेश भट्ट ने एक इंटरव्यू में कहा कि कुछ फिल्में शोर-शराबे के साथ आती हैं और अपनी मौजूदगी का ऐलान करती हैं, लेकिन कुछ फिल्में चुपचाप आती हैं और सीधे इंसानी भावनाओं को छू लेती हैं। उनके अनुसार ‘मैं वापस आऊंगा’ ऐसी ही फिल्मों में से एक है, जो बिना शोर के गहरी भावनात्मक कहानी पेश करती है। उन्होंने आगे कहा कि आज के दौर में सिनेमा में तेज रफ्तार, बड़े विजुअल्स और एक्शन का दबदबा है, जहां दर्शक तुरंत मनोरंजन चाहते हैं। ऐसे माहौल में अगर कोई फिल्म इंसानी जज्बातों और अंदर की भावनाओं को समझने की कोशिश करती है, तो वह अपने आप में एक तरह की बगावत है।
महेश भट्ट ने फिल्म की गहराई पर बात करते हुए कहा कि ‘मैं वापस आऊंगा’ सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि इंसानी भावनाओं की गहरी तलाश है। उन्होंने इसे एक ऐसी प्यास से जोड़ा, जो इंसान को अपने भीतर झांकने, खुद को समझने और जीवन के गहरे अर्थ खोजने के लिए प्रेरित करती है। उनके अनुसार यह फिल्म पहचान, अस्तित्व और आत्म-खोज जैसे विषयों को छूती है। फिल्म को लेकर उन्होंने कहा कि यह उस सोच को चुनौती देती है जिसमें जिंदगी को सिर्फ बनाई गई पहचान तक सीमित मान लिया जाता है। यह फिल्म दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या जीवन सिर्फ वही है जो हम दिखते हैं या उससे कहीं आगे भी कुछ है।
फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण बिरला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स के मोहित चौधरी व शिबासिस सरकार ने किया है। बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन के बीच अब महेश भट्ट की यह प्रतिक्रिया फिल्म को लेकर चर्चा को और बढ़ा रही है। दर्शक और समीक्षक दोनों ही इस फिल्म की कहानी और प्रस्तुति को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं।