नई दिल्ली: इंतजार की घड़ियां खत्म हो चुकी हैं. बॉलीवुड की कंट्रोवर्सी क्वीन कंगना रनौत (Kangana Ranaut) अपने टीवी डेब्यू के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. एक्ट्रेस के रियलिटी शो 'लॉकअप' (Lock Upp) के लिए फैंस के साथ-साथ तमाम यूजर्स काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. खास बात ये है कि कानूनी पचड़े में फंसने के एक दिन बाद, हैदराबाद कोर्ट ने स्थगन आदेश रद्द कर दिया और शो को योजना के अनुसार स्ट्रीम करने की अनुमति दे दी है.

आज ही स्ट्रीम होगा रियलिटी शो 'लॉकअप'
अब कंगना का शो आज यानी 27 फरवरी, 2022 को रात 10 बजे ऑल्ट बालाजी और एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होने जा रहा है. फिल्मी जगत में तहलका मचाने के बाद अब अदाकारा टेलीविजन पर भी धमाल मचाने के लिए आ रही हैं. वह एकता कपूर के रियलिटी शो से टीवी की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं. बता दें कि शो में करीब 16 हस्तियां 72 दिनों के लिए जेल में कैद होने वाले हैं.
हैदराबाद की कोर्ट ने लगा दी थी रिलीज पर रोक
बता दें कि कॉन्सेप्ट चोरी का आरोप लगने के बाद एकता कपूर का शो रिलीज होने से पहले ही विवादों में आ गया था. कानूनी पचड़े में फंसने के बाद हैदराबाद की सिटी सिविल कोर्ट ने शो रिलीज पर रोक लगा दी थी, लेकिन अब कोर्ट ने शो को स्ट्रीम करने की अनुमति दे दी है. लॉकअप शो का फॉर्मेट काफी हद तक बिग बॉस के जैसा ही है. हालांकि, एकता कपूर ने दावा किया है कि इससे पहले कभी भी टीवी या ओटीटी पर ऐसा कॉन्सेप्ट नहीं देखा गया है.
शो में दिखेंगे ये कंटेस्टेंट्स
कंगना की होस्टिंग वाले इस शो में निशा रावल, पूनम पांडे, करणवीर बोहरा, बबीता फोगट और मुनव्वर फारुकी जैसी हस्तियां कंटेस्टेंट्स के तौर पर नजर आने वाली हैं. यह शो 27 फरवरी से ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ऑल्ट बालाजी और एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होने वाला है.
Tags: