मनोरंजन: ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘अलायंस’ में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच बनते रिश्ते और दोस्ती चर्चा का विषय बने हुए हैं। शो में एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने दर्शकों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरीं। दरअसल, इस शो में गौहर खान के एक्स-बॉयफ्रेंड और अभिनेता कुशाल टंडन ने उनके पति जैद दरबार को किस कर दिया। इस अनोखे पल पर अब गौहर खान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
शो की शुरुआत से पहले कई लोगों को उम्मीद थी कि कुशाल टंडन और जैद दरबार के बीच तनाव देखने को मिलेगा। इसकी वजह दोनों का गौहर खान से जुड़ा पुराना रिश्ता था। कुशाल और गौहर एक समय रिलेशनशिप में रह चुके हैं, जबकि गौहर अब जैद दरबार की पत्नी हैं। ऐसे में दर्शकों को लग रहा था कि शो में दोनों के बीच आमना-सामना दिलचस्प होगा, लेकिन इसके उलट दोनों ने अपनी समझदारी और सकारात्मक सोच से सभी को हैरान कर दिया।
‘अलायंस’ के हालिया एपिसोड में कुशाल टंडन और जैद दरबार के बीच काफी अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली। एक बातचीत के दौरान कुशाल ने जैद को समझाते हुए उनके गाल पर किस कर दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोगों ने दोनों की दोस्ती और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की जमकर तारीफ की।
इस पूरे मामले पर गौहर खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि जब शो शुरू हुआ था तो लोग तरह-तरह की बातें कर रहे थे। कई लोगों का मानना था कि जैद और कुशाल एक ही शो में होंगे तो उनके बीच विवाद देखने को मिलेगा। लेकिन दोनों ने सभी अटकलों को गलत साबित कर दिया।
गौहर ने कहा कि लोग सोच रहे थे कि किसी का पास्ट और किसी का वर्तमान पार्टनर एक ही शो में आएंगे तो माहौल काफी अलग होगा। लेकिन अब जो देखने को मिला, वह काफी शानदार है। उन्होंने कुशाल और जैद की दोस्ती की तारीफ करते हुए कहा कि जहां परिपक्वता होती है, वहां दोस्ती भी होती है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि आज की ‘पप्पी’ ने सबके दिमाग में अपनी जगह बना ली है।
गौहर खान ने अपने पति जैद दरबार की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि जैद हमेशा अपने रिश्तों को लेकर ईमानदार रहते हैं और जब भी कोई उनके करीबियों के खिलाफ कुछ कहता है तो वह मजबूती से उनका साथ देते हैं। गौहर ने शो में जैद के व्यवहार और खेल भावना पर गर्व जताया।
इसके अलावा गौहर ने शो की अन्य कंटेस्टेंट मिनी माथुर के खेल की भी प्रशंसा की। उन्होंने मिनी को शो की सबसे समझदार और रणनीतिक खिलाड़ियों में से एक बताया। गौहर के मुताबिक, मिनी जिस तरह से परिस्थितियों को समझकर फैसले लेती हैं, वह काफी प्रभावशाली है।
बता दें कि ‘अलायंस’ एक रियलिटी शो है, जिसे अभिनेता कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं। शो में रणनीति, टीमवर्क, धोखे और गेम प्लानिंग देखने को मिलती है। इसमें कुशाल टंडन, जैद दरबार, अली गोनी, मिनी माथुर, वंशज सिंह, रूही दोसानी, नीति टेलर, सोहेल खान समेत कई चर्चित चेहरे शामिल हैं।
यह शो अब अपने पांचवें हफ्ते में पहुंच चुका है और जल्द ही इसका समापन होने वाला है। दर्शक इस शो में कंटेस्टेंट्स के बीच बन रहे समीकरणों और हर दिन बदलती रणनीतियों को काफी पसंद कर रहे हैं। ‘अलायंस’ को प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है, जहां इसके एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किए जाते हैं।