Entertainment मनोरंजन : फिल्म लापता लेडीज में अहम भूमिका निभाने वाले एक्टर सतेंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर कर गंभीर आरोप लगाए हैं। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए इस वीडियो में वह रोते हुए नजर आ रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें धमकियां दी गईं।
सतेंद्र सोनी ने अपने बयान में कहा कि वह एक फिल्म की शूटिंग के लिए मध्यप्रदेश गए थे, जहां डायरेक्टर पुष्पेंद्र के निर्देशन में काम चल रहा था। उनके अनुसार, शूटिंग शुरू होने से पहले उन्हें 50 हजार रुपये का साइनिंग अमाउंट दिया गया था और बाकी भुगतान शूटिंग पूरी होने के बाद देने की बात कही गई थी।
एक्टर का आरोप है कि उन्होंने करीब 8 दिन तक शूटिंग पूरी की, लेकिन जब उन्होंने अपनी फीस की मांग की तो उन्हें सेट से हटा दिया गया। सतेंद्र ने वीडियो में कहा, “जब मैंने पैसों की बात की तो मुझे पैकअप करने को कह दिया गया। कहा गया कि होटल में दिखाई नहीं देना चाहिए। मुझे धमकियां दी गईं और मारने की बात भी कही गई।”उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें होटल से बाहर निकाल दिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। वीडियो में वह काफी भावुक दिखाई दे रहे हैं और अपनी आपबीती साझा कर रहे हैं।
सतेंद्र सोनी के अनुसार, इस घटना के बाद वह अब सुरक्षित रूप से मुंबई पहुंच चुके हैं और उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए पूरी जानकारी साझा की है। उनका कहना है कि उनके साथ जो हुआ वह बेहद गलत है और फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए।
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है। कई लोग इस घटना पर सवाल उठा रहे हैं और कलाकारों के साथ व्यवहार को लेकर चिंता जता रहे हैं।फिलहाल इस मामले पर संबंधित फिल्म यूनिट या डायरेक्टर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब सभी की नजरें आगे की कार्रवाई और स्पष्टीकरण पर टिकी हुई हैं।