खतरों के खिलाड़ी 12: 'रोहित शेट्टी वर्सेज खिलाड़ी' में जन्नत जुबैर ने जीता टास्क, शिवांगी जोशी का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

इसके साथ ही 'रोहित शेट्टी वर्सेज खिलाड़ी' में कौन-सा खिलाड़ी जीत पाएगा और कौन बाहर जाएगा, ये भी दर्शकों को आने वाले एपिसोड में ही पता चलेगा।

Update: 2022-07-10 04:14 GMT

रोहित शेट्टी के रिएलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 12' में अभी 13 कंटेस्टेंट्स हैं, जो विनर बनने के लिए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। आज (9 जुलाई) के एपिसोड की बात करें तो इसका थीम था 'रोहित शेट्टी वर्सेज खिलाड़ी'। इसके तहत कंटेस्टेंट्स का टारगेट आपस में कोई नहीं, बल्कि खुद रोहित शेट्टी थे। आज भी शो में खतरनाक स्टंट हुए, जिन्हें टीवी की हसीनाओं ने बड़े ही शानदार तरीके से किया। वहीं, मुंडों ने भी अपने डर पर जीत पाकर टास्ट पूरा किया। आइये जानते हैं आज के एपिसोड की सारी हाइलाइट्स।




रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) ने हंसी-मजाक के साथ कंटेस्टेंट्स की तारीफ करते हुए 'खतरों के खिलाड़ी 12' (Khatron Ke Khiladi 12) आज (9 जुलाई) के एपिसोड की शुरुआत की। रोहित बताते हैं कि इस हफ्ते आप लोगों को एक-दूसरे संग कॉम्पिटीशन नहीं करना है। ये सुनकर सभी शॉक्ड रह जाते हैं। फिर जैसे ही रोहित अपनी फोटो दिखाते हैं, सभी खुश हो जाते हैं। हालांकि, हमेशा की तरह रोहित नए स्टंट के बारे में बताकर सभी को हैरान कर देते हैं।

रोहित शेट्टी वर्सेज खिलाड़ी
रोहित कहते हैं कि इस हफ्ते कंटेस्टेंट्स का टारगेट वो हैं और उनका टारगेट बाकी के सभी कंटेस्टेंट्स हैं। यानी रोहित शेट्टी वर्सेज खिलाड़ी। इसके बाद वो कहानी में ट्विस्ट लाते हुए कहते हैं कि हर स्टंट में वो एक टारगेट सेट करेंगे। अगर कंटेस्टेंट्स टारगेट पर खरे नहीं उतरे तो उनके लिए 'खतरा' है।

पहले स्टंट में हालत हुई खराब




इस हफ्ते का पहला स्टंट होता है कार पर खड़े रहना। गाड़ी की दोनों तरफ बॉक्स हैं, जिन्हें कोड से खोलना है। इस स्टंट में टाइमिंग सबसे अहम है। इस दौरान कार चलती रहेगी। ड्रिफ्ट करती रहेगी। ये टास्क यहीं पर खत्म नहीं होगा है, कंटेस्टेंट्स को कुछ नंबर कार पर भी चिपकाने हैं। अब बात करते हैं किसने-किसने किया ये स्टंट। इस स्टंट को रुबीना दिलैक और जन्नत जुबैर ने किया। इस टास्क को जन्नत जुबैर जीतती हैं।


दूसरे स्टंट में मुंडों ने किया कमाल

दूसरी लोकेशन पर कंटेस्टेंट्स का सामना बड़े और खूंखार शेरों से होता है। रोहित शेट्टी टास्क समझाते हैं कि बॉल की शेप में बने केज में जाकर केज को रोल करना है। आपको उस केज में पीले रंग का स्पंज चिपकाते जाना है। इसके लिए 10 मिनट का समय मिलेगा। इस दौरान शेर भी साथ होंगे। इस टास्क को राजीव अदातिया और प्रतीक सहजपाल करते हैं। इस टास्क को राजीव जीत जाते हैं।


तीसरे स्टंट में हसीनाओं का रो-रोकर हुआ बुरा हाल


इस स्टंट में कंटेस्टेंट्स का सामना हायना से होता है, जो बहुत खूंखार होता है। सबसे पहले 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की नायरा यानी शिवांगी जोशी ये स्टंट करती हैं। इस स्टंट में उन्हें खूब करेंट भी लगता है। ये स्टंट करने के बाद शिवांगी रोने लगती हैं। इस दौरान वो खुलासा करती हैं कि उन्हें बचपन में एक बार करंट लगा था और वो बेहोश हो गई थीं। इसलिए उन्हें सबसे ज्यादा डर उसी दौरान लगा। इसके बाद इस स्टंट को अनेरी वजानी करती हैं। हालांकि, वो पहले ही काफी डरी रहती हैं, लेकिन वो टास्क पूरा करती हैं। इसके बाद कनिका मान ये स्टंट करती हैं। ये स्टंट करते समय सभी हसीनाओं के आंसू निकल पड़ते हैं। अब इस टास्क को कौन जीत पाता है, ये आपको अगले एपिसोड यानी कल को पता चलेगा। इसके साथ ही 'रोहित शेट्टी वर्सेज खिलाड़ी' में कौन-सा खिलाड़ी जीत पाएगा और कौन बाहर जाएगा, ये भी दर्शकों को आने वाले एपिसोड में ही पता चलेगा।

Tags:    

Similar News