नई दिल्ली : भोजपुरी इंडस्ट्री के सितारों से सजा नया शो 'भोजपुरी बवाल' शुरुआत से ही चर्चा में आ गया है। इस शो में भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े नाम एक साथ नजर आ रहे हैं, जिनमें आम्रपाली दुबे, दिनेश लाल यादव (निरहुआ), काजल राघवानी, पवन सिंह और बिहार के नेता तेज प्रताप यादव शामिल हैं। शो के शुरुआती एपिसोड में ही कलाकारों के बीच हुई बातचीत ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
शो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में दोनों अभिनेत्रियां इंडस्ट्री में अपनी जगह, काम और लोकप्रियता को लेकर अपनी-अपनी बात रखती नजर आ रही हैं।
वीडियो की शुरुआत काजल राघवानी की एंट्री से होती है। इस दौरान अभिनेता पवन सिंह उनका स्वागत करते हुए उन्हें "सुपरस्टार एक्ट्रेस काजल राघवानी" कहते हैं। पवन सिंह काजल की तारीफ करते हुए कहते हैं कि वह काफी क्यूट लग रही हैं। इसके बाद बातचीत का रुख बदल जाता है और काजल आम्रपाली दुबे से एक सवाल करती हैं।
काजल आम्रपाली से कहती हैं, "आम्रपाली जी, आप मुझसे अनसिक्योर रहती हैं।" इस पर आम्रपाली तुरंत जवाब देती हैं कि सही शब्द "इनसिक्योर" होता है। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत आगे बढ़ती है और भोजपुरी इंडस्ट्री में काम तथा पहचान को लेकर चर्चा शुरू हो जाती है।
आम्रपाली दुबे कहती हैं कि कई अवॉर्ड शो में उन्हें यह सुनने को मिला कि यह अवॉर्ड काजल राघवानी का है। वहीं काजल अपनी बात रखते हुए कहती हैं कि उन्हें कई चीजें ऑफर होती हैं, लेकिन बाद में वहां आम्रपाली दुबे को शामिल कर लिया जाता है।
इस पर आम्रपाली जवाब देती हैं कि अगर ऐसा है तो इसे साबित करें। दोनों अभिनेत्रियों के बीच हुई यह बातचीत अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े नाम एक मंच पर
'भोजपुरी बवाल' में भोजपुरी सिनेमा के कई चर्चित चेहरे पहली बार एक साथ दिखाई दे रहे हैं। आम्रपाली दुबे और निरहुआ की जोड़ी भोजपुरी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रही है। वहीं काजल राघवानी और पवन सिंह भी इंडस्ट्री के जाने-माने नाम हैं।
शो में कलाकारों की निजी राय, अनुभव और इंडस्ट्री से जुड़े किस्से सामने आने की उम्मीद है। यही वजह है कि इसके शुरुआती एपिसोड से ही दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
वायरल वीडियो ने बढ़ाई चर्चा
काजल और आम्रपाली के बीच हुई बातचीत के वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे शो का हिस्सा बता रहे हैं, तो कुछ इसे भोजपुरी इंडस्ट्री की अंदरूनी प्रतिस्पर्धा से जोड़कर देख रहे हैं।
हालांकि, दोनों अभिनेत्रियों ने इस बातचीत को लेकर अभी कोई अलग से बयान नहीं दिया है। फिलहाल 'भोजपुरी बवाल' का यह एपिसोड दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और शो की शुरुआत को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है।