लगातार रिजेक्शन के बाद मिली पहचान: Ravi Kishan

Update: 2026-06-28 15:02 GMT

मनोरंजन: मशहूर अभिनेता और राजनेता रवि किशन ने अपने लंबे संघर्ष और रिजेक्शन की कहानी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। वह इन दिनों प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘अलायंस’ में नजर आ रहे हैं, जिसे कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं। शो में रवि किशन अपनी बेटी रीवा किशन के साथ शामिल हुए हैं।

पहले ही एपिसोड में रवि किशन ने बताया कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय तक लगातार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब कोई भी उन पर भरोसा नहीं करता था कि वह बड़ा नाम बन सकते हैं।

उन्होंने भावुक होकर कहा, “लोग मुझे हमेशा रिजेक्ट करते रहे, कोई नहीं मानता था कि मैं कुछ कर पाऊंगा।” रवि किशन ने बताया कि 90 के दशक में कई नए कलाकार आगे बढ़ते गए, जबकि उन्हें मौके नहीं मिल रहे थे। पूरी तैयारी के बावजूद वह पीछे रह गए और खुद को अकेला महसूस करने लगे।

रवि किशन ने कहा कि उन्होंने 34 साल तक संघर्ष किया और इस दौरान कई बार निराशा भी झेली। एक समय ऐसा भी था जब उन्हें स्टेज या शो में बुलाया भी नहीं जाता था, लेकिन बाद में उन्होंने सफलता हासिल की और कई बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए।

आज रवि किशन बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा के बड़े चेहरों में शामिल हैं। उनकी फिल्म ‘लापता लेडीज’ और वेब सीरीज ‘मामला लीगल है’ में उनके काम की खूब सराहना हुई है। अब वह जल्द ही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में नजर आएंगे।

Tags:    

Similar News