बंगाली फिल्म जगत में शोक राजा सेन के निधन से छाई मायूसी
तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुके राजा सेन का निधन फिल्म इंडस्ट्री ने खोया दिग्गज निर्देशक
Kolkata: नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित बंगाली फिल्ममेकर राजा सेन का रविवार को कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे राजा सेन का इलाज चल रहा था।
राजा सेन को बंगाली सिनेमा के संवेदनशील और प्रतिभाशाली निर्देशकों में गिना जाता था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'दामू' (Damu) से की थी, जिसे 1996 में रिलीज किया गया था। इस फिल्म ने उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाई और नेशनल फिल्म अवॉर्ड फॉर बेस्ट चिल्ड्रन फिल्म जीता।
राजा सेन ने अपने करियर में कई चर्चित फिल्मों, टीवी धारावाहिकों और डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में 'आत्मीय स्वजन', 'देश', 'देबीपक्ष', 'कृष्णकांतेर विल', 'लैबोरेटरी' और 'माया मृदंग' शामिल हैं।
फिल्मों के अलावा राजा सेन ने कला और संस्कृति से जुड़ी कई डॉक्यूमेंट्री भी बनाईं। उन्होंने बंगाल की कई महान हस्तियों और सांस्कृतिक विषयों पर अपने काम के जरिए अलग पहचान बनाई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजा सेन पिछले कुछ समय से कई स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान थे। उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
उनके निधन से बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कलाकारों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है।