Entertainment मनोरंजन : अभिनेता सनी देओल की फिल्म 'घायल' उनके करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक है। लोगों को आज भी इस फिल्म के डायलॉग याद हैं। आज इस फिल्म की रिलीज के 35 साल हो चुके हैं।
ऐसे में सनी देओल ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस फिल्म की एक क्लिप शेयर की है। घायल फिल्म साल 1990 में रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया था। इस फिल्म की दर्शकों ने काफी तारीफ की थी। अपनी पोस्ट में सनी देओल ने अजय मेहरा के रोल के बारे में बताया। सनी देओल ने इस फिल्म में अजय के किरदार को सिर्फ एक भूमिका से बढ़कर बताया है। उन्होंने बताया है कि यह फिल्म उनके लिए कितनी खास है।
उन्होंने फिल्म के कई बेहतरीन दृश्यों को पोस्ट किया है। पोस्ट को शेयर करते हुए सनी देओल ने लिखा 'आज फिल्म घायल को रिलीज हुए 35 साल हो गए हैं। ऐसा लगता है जैसे कल ही की बात हो जब हमने अजय मेहरा की जिंदगी को जीवंत किया था। उनका साहस, उनका दृढ़ विश्वास और न्याय की भावना आज भी दर्शकों के दिलों में गूंजती है। यह फिल्म एक भूमिका से कहीं ज्यादा थी। ये मेरे दिल के करीब थी। इसने मुझे चुनौती दी, मुझे प्रेरित किया और कहानी कहने की शक्ति दी।'