Entertainment मनोरंजन : फातिमा सना शेख की जल्द ही दो फिल्में रिलीज होने वाली हैं। एक ओर जहां सिनेमाघरों में ‘मेट्रो इन दिनो’ रिलीज होने को तैयार है, वहीं फातिमा ओटीटी पर आ रही फिल्म ‘आप जैसा कोई’ के भी प्रमोशन में जुट गई हैं।
इस दौरान अभिनेत्री ने खुद को मिर्गी जैसी बीमारी होने के बारे में खुलासा किया। साथ ही उन्होंने एक ऐसी घटना को भी याद किया जब उन्हें एक फ्लाइट में कई बार दौरे पड़ गए थे। बातचीत में फातिमा ने अपने साथ हुई एक भयानक घटना को याद करते हुए बताया, “मेरे साथ एक बहुत बड़ी घटना हुई थी जब मुझे कई बार दौरे पड़े। मैं यूएसए की यात्रा कर रही थी और यह दुबई की फ्लाइट थी। मुझे फ्लाइट में दौरे पड़े। फिर मुझे एयरपोर्ट के अस्पतालों में ले जाया गया, मुझे दवा दी गई लेकिन फिर भी मेरे दौरे बंद नहीं हुए, फिर उन्होंने मुझे हाई डोज दी।
मैं उस समय दो अलग-अलग फिल्मों पर काम कर रही थी और मुझे शूटिंग रद्द करनी पड़ी। मैं बिस्तर से उठ नहीं पाती थी और जब कोई शूटिंग के लिए बुलाता था तो रोती थी। मुझे लगा कि यह अब मेरी सच्चाई है। उस समय मैंने स्वीकार कर लिया कि यह मेरी बीमारी है और लोगों को भी इसके बारे में पता होना चाहिए क्योंकि इससे दूसरों की मदद होगी।” एक्ट्रेस ने आगे कहा, “कई तो ऐसे बच्चे हैं जिन्हें एक दिन में कई बार दौरे पड़ते हैं।
इसका असर उनके जीवन पर पड़ता है। यह दिल तोड़ने वाला होता है। उन्हें एजुकेशन में विशेष जरूरतों वाली कैटेगरी में आने वाली सुविधाएं नहीं मिलती हैं। मुझे यह बात बहुत बाद में समझ में आई। सोचिए कई ऐसे लोग हैं जिन्हें शिक्षा और यहां तक कि दवाइयों तक की कोई सुविधा नहीं है। इसके साथ बहुत सारी बातें और लांछन भी जुड़े हैं। मैंने कुछ चीजें की हैं इसलिए मैं ये कह सकती हूं कि अगर मैं किसी तरह से इसका उपयोग कर सकती हूं तो यह पूरी तरह से ठीक है।”