हॉलीवुड की जानी मानी अभिनेत्री और मशहूर अभिनेता जॉनी डेप (Johnny Depp) की पूर्व पत्नी एंबर हर्ड (Amber Heard) पहली बार मां बनी हैं. वैसे तो एंबर ने 8 अप्रैल को बेटी को जन्म दिया था, लेकिन उन्होंने अब मां बनने की घोषणा के साथ-साथ बेटी की पहली झलक भी दिखाई है. एंबर ने सरोगेसी के जरिए बेटी को जन्म दिया है. एंबर का कहना है कि वह मां बनी हैं, लेकिन अपनी शर्तों पर, वो भी एक सिंगल पैरेंट के तौर पर.

एंबर हर्ड ने अपनी बेटी के साथ एक तस्वीर अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की है. अभिनेत्री ने बेटी का नाम Oonagh Paige Heard रखा है. एक बेटी की मां बनने की घोषणा करते हुए एंबर हर्ड ने लिखा- मैं इस खबर को आपके साथ साझा करने के लिए बहुत उत्साहित हूं. चार साल पहले, मैंने फैसला किया कि मुझे बच्चा पैदा करना है. मैं इसे अपनी शर्तों पर करना चाहती थी.
मेरे निजी जीवन पर किसी का अधिकार नहीं…


अभिनेत्री ने आगे लिखा- मैं इस बात की सराहना करती हूं कि महिलाओं के रूप में हमारे भाग्य के सबसे बुनियादी हिस्सों में से एक के बारे में यानी मां बनने के बारे में इस तरह से सोचना हमारे लिए कितना क्रांतिकारी है. मुझे उम्मीद है कि हम एक ऐसे बिंदु पर पहुंचेंगे जहां घर में एक पालना रखने के लिए हमें किसी अंगूठी की जरूरत नहीं होगी. मेरे निजी जीवन पर किसी का कोई अधिकार नहीं है. मेरी बेटी का जन्म 8 अप्रैल, 2021 को हुआ था. उसका नाम ओनाघ पैगे हर्ड है. वह मेरे बाकी जीवन की शुरुआत है.
एंबर हर्ड और जॉनी डेप के बीच कानूनी विवाद
आपको बता दें कि एंबर हर्ड की जिंदगी पिछले कुछ सालों में बहुत ही परेशानियों भरी गुजरी है. एंबर हर्ड ने जॉनी डेप पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. जॉनी डेप घरेलू हिंसा के भी आरोप लगे, जिसके बाद एक अंग्रेजी अखबार ने उन्हें पत्नी को पीटने वाला शख्स करार दे दिया था.
इस अखबार ने जॉनी डेप और एंबर हर्ड पर छापी गई खबर की हेडिंग लिखी थी- Wife Beater. इसमें उन्होंने जॉनी डेप की बड़ी सी फोटो लगाई थी. जॉनी डेप ने इस अखबार के खिलाफ केस किया था, लेकिन पिछले साल वह केस हार गए. एंबर हर्ड द्वारा जॉनी डेप पर किया गया घरेलू हिंसा का केस अभी भी चालू है. इस केस के ट्रायल को हाल ही में अप्रैल 2022 तक के लिए टाल दिया गया है.

Tags: