नई दिल्ली: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट में संगीत और मस्ती के बीच एक भावुक पल देखने को मिला। दिलजीत ने सुरक्षा में तैनात एक महिला जवान को मंच पर आमंत्रित किया और कहा कि उन्हें देखकर अपनी मां की याद आ गई। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को सलाम किया और दर्शकों से उनके सम्मान में तालियां बजाने की अपील की। 
शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कॉन्सर्ट से दिलजीत ने अपने ‘ऑरा’ इंडिया टूर की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिला सीआरपीएफ कर्मी को मंच पर बुलाकर उनकी सेवाओं के लिए आभार जताया। संगीत प्रस्तुतियों के बीच सुरक्षा कर्मियों के प्रति उनका यह सम्मान कार्यक्रम का खास पल बना। 
आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, दिलजीत ने महिला अधिकारी से बातचीत करते हुए बताया कि वह अपनी मां से साल में एक या दो बार ही मिल पाते हैं। वहां खड़ी महिला अधिकारी को देखकर उन्हें ऐसा महसूस हुआ, जैसे उनकी मां सामने मौजूद हों। उन्होंने यह भी बताया कि उसी दिन उनकी मां का फोन आया था और उन्होंने अपना ध्यान रखने के लिए कहा था। 
दिलजीत ने कार्यक्रम की सुरक्षा संभाल रहे कर्मियों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदगी लोगों को सुरक्षित महसूस कराती है। कॉन्सर्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी गायक ने दिल्ली के प्रशंसकों, दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ, दिल्ली मेट्रो और बुकमायशो लाइव का धन्यवाद किया। 

 

 

 

 

कॉन्सर्ट में दिलजीत ने दर्शकों को मंच पर बुलाकर उनके साथ गाने और डांस करने का मौका भी दिया। हालांकि, महिला जवान के प्रति उनका अपनापन और मां को याद करने वाला पल संगीत से आगे बढ़कर एक व्यक्तिगत जुड़ाव की झलक दे गया।
Tags: