मुंबई: बॉलीवुड सितारों को धमकी मिलने का सिलसिला जारी है। अब अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित आरोपी जीशान अख्तर ने दी है। फिलहाल मुंबई पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह सच में अख्तर की तरफ से आई है या कोई और उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है। बहरहाल, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है कि जीशान ने ही खान को धमकी दी है।
एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। उस मामले में, पुलिस ने बेंगलुरु के रहने वाले 30 वर्षीय IIT ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था, जिसने कथित तौर पर धमकियां देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया था। अधिकारी ने बताया कि मिश्रा का किसी भी गिरोह से कोई संबंध नहीं है।
सैफ अली को धमकी मिलने का मामला अभिनेता आयुष्मान खुराना को मिले एक धमकी भरे ऑडियो मैसेज के कुछ दिनों बाद सामने आया है, जिसमें भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। आरोप है कि उसने अभिनेता से करोड़ों रुपयों की मांग की थी। तुषार कपूर को भी इसी गैंग का सदस्य होने का दावा करने वाले किसी व्यक्ति से 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी मिली थी। हालांकि, मुंबई पुलिस को शक है कि कॉल करने वाला शायद 'हैरी बॉक्सर' होने का नाटक कर रहा था।
इन मामलों के सिलसिले में, मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से 30 वर्षीय IIT ग्रेजुएट को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने अभिनेताओं को धमकी भरे संदेश भेजे और उनसे पैसों की मांग की। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है, जिसे आगे की पूछताछ के लिए मुंबई लाया गया है।मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मिश्रा का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है। पुलिस को शक है कि उसने धमकी देने के लिए AI की मदद से नकली आवाज तैयार की थी। बताया गया कि आरोपी ने इंटरनेट पर सर्च करके कलाकारों के फोन नंबर हासिल किए और फिर उन्हें धमकी भरे संदेश भेजे।
हाल के वर्षों में कई अन्य हस्तियों को भी धमकियां मिली हैं। सुपरस्टार सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। वहीं, शाहरुख खान को भी धमकी मिली थी, जिसमें 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। 2024 में, एक अज्ञात व्यक्ति ने मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में फोन करके बॉलीवुड स्टार को जान से मारने की धमकी दी थी। खबरों के अनुसार, दिलजीत दोसांझ, कपिल शर्मा, विक्रांत मैसी, रणवीर सिंह और आयुष शर्मा को भी धमकी भरे संदेश या ईमेल मिले हैं।
Tags: