भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा फिल्म इंडस्ट्री को कहने वाली है अलविदा, मां बनने से पहले निपटाएंगी ये सारे काम, जानें विस्तार से

भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा फिल्म इंडस्ट्री को कहने वाली है अलविदा, मां बनने से पहले निपटाएंगी ये सारे काम, जानें विस्तार से

Update: 2020-12-05 11:15 GMT

फाइल फोटो 

देश की अलग अलग भाषाओं में काम करके मुख्य रूप से भोजपुरी फिल्मों के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री मोनालिसा ने अब अभिनय से किनारा करने की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने फैसला कर लिया है कि अगले साल वह अपने पहले बच्चे को जन्म देंगी और उससे पहले वह अपने बाकी सभी कामों को पूरा करेंगी। अंतरा बिस्वास नाम से जन्मी मोनालिसा ने भोजपुरी फिल्मों के जाने माने अभिनेता विक्रांत सिंह राजपूत से शादी की है। बताया जा रहा है कि नए सीरियल 'नमक इस्क का' के बाद वह कोई दूसरा नया प्रोजेक्ट नहीं ले रही हैं

मोनालिसा ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा है कि उनके ऊपर उनके घर से और उनके पति विक्रांत पर भी माता और पिता बनने का बहुत दबाव बढ़ रहा है। यही कारण है कि अब यह जोड़ा माता पिता बनने का फैसला कर चुका है। मोनालिसा ने कहा, 'हां, हम बहुत ही जल्द एक बच्चा पैदा करने की योजना बना रहे हैं। लोगों को जल्द ही पता चल जाएगा। हो सकता है कि अगले साल यह हो जाए। मेरे परिवार से और विक्रांत के परिवार से भी बहुत दबाव आ रहा है। इसलिए, आशा है कि अगले साल हम माता पिता बन जाएं।'
मोनालिसा ने भले ही हिंदी, ओड़िया, बंगाली, कन्नड़, तेलुगु, आदि भाषाओं की फिल्मों में काम किया हो लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा प्रसिद्धि टीवी के चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' के 10वें सीजन की एक प्रतियोगी बनकर ही प्राप्त हुई। इस समय तक लगातार मोनालिसा भोजपुरी फिल्मों में काम कर रही थीं। लेकिन, इसके बाद उन्होंने भोजपुरी फिल्में करना कम कर दीं। फिर उन्हें टीवी के चर्चित धारावाहिकों 'नजर', 'नजर 2', आदि में मुख्य भूमिकाएं निभाते हुए देखा गया।
टीवी के चर्चित रियलिटी शो 'नच बलिए' के आठवें सीजन में मोनालिसा ने विक्रांत सिंह राजपूत के साथ जोड़ी बना कर हिस्सा लिया। यहीं से उनकी जोड़ी विक्रांत के साथ असल जिंदगी में भी बन गई और उन्होंने वर्ष 2017 में शादी कर ली। इन्हीं विक्रांत के साथ मोनालिसा ने कोरोना वायरस की वजह से देश में हुए लॉकडाउन का अपना पूरा सफर बिताया है। और अब ये दोनों माता पिता बनने की बात पर भी एकमत हो गए हैं। लेकिन उससे पहले मोनालिसा अपने सभी प्रस्तावित कामों को पूरा करेंगी।
समेटने के लिए वैसे ज्यादा काम मोनालिसा के पास है नहीं। वह इस समय टीवी पर अगले सोमवार से शुरू होने जा रहे धारावाहिक 'नमक इस्क का' में एक खलनायिका की मुख्य भूमिका निभाने जा रही हैं। यह कहानी बिहार की एक नाचने वाली लड़की चमचम की है जिसका शौक ही नाचना है। लेकिन, उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती है एक परिवार और एक पति का प्यार पाना। मोनालिसा के अलावा इस धारावाहिक में श्रुति शर्मा और भोजपुरी फिल्मों के जाने-माने अभिनेता आदित्य ओझा मुख्य भूमिकाओं में हैं। मोनालिसा इस सीरियल के बाद आगे क्या योजना बना रही हैं, ये जानने के लिए उनके संपर्क करने की कोशिश की गई तो कोई उत्तर नहीं मिला।


Tags:    

Similar News

-->