चेन्नई: नेशनल अवार्ड विजेता निर्देशक विष्णु मोहन की बहुप्रतीक्षित मलयालम एक्शन थ्रिलर फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल के साथ मुख्य भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री भाग्यश्री बोर्से ने युगांडा के मशहूर डांस ग्रुप 'घेट्टो किड्स' के बच्चों के साथ डांस करते हुए एक वीडियो शेयर किया है।
अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपनी तेलुगु फिल्म 'मिस्टर बच्चन' के गाने 'नल्लंचु थेल्लाचीरा' पर डांस करती नजर आ रही हैं। उन्होंने इसके साथ लिखा, "इन बच्चों ने मेरा दिल जीत लिया! #ऑपरेशनगंगा।"
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही अभिनेता मोहनलाल ने घोषणा की थी कि युगांडा का मशहूर डांस ग्रुप 'घेट्टो किड्स' उनकी फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' का हिस्सा बनेगा।
सोशल मीडिया पर इस बारे में जानकारी देते हुए मोहनलाल ने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि बेहद प्रतिभाशाली 'घेट्टो किड्स' मेरी आने वाली फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' में मेरे साथ जुड़ रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन विष्णु मोहन कर रहे हैं और इसे श्री गोकुलम गोपालन ने 'श्री गोकुलम मूवीज' के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। #ऑपरेशनगंगा #घेट्टोकिड्स।"
अभिनेता ने एक वीडियो क्लिप भी शेयर की, जिसमें वह इस ग्रुप के बच्चों के साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, "अमेरिका में वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान, मैंने बेहद प्रतिभाशाली 'घेट्टो किड्स' को शकीरा के साथ परफॉर्म करते देखा था, जो एक शानदार अनुभव था। उनकी ऊर्जा और टैलेंट ने मुझ पर गहरी छाप छोड़ी। अब मुझे बहुत खुशी है कि वे मेरी अगली फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' में मेरे साथ जुड़ रहे हैं, जिसे विष्णु मोहन ने निर्देशित किया है और गोकुलम गोपालन ने प्रोड्यूस किया है।"
बता दें कि नेशनल अवार्ड विजेता फिल्म निर्माता विष्णु मोहन द्वारा निर्देशित इस फिल्म को 'ऑपरेशन गंगा' नाम दिए जाने से पहले, अस्थायी रूप से 'L367' के नाम से जाना जा रहा था।
'ऑपरेशन गंगा' भारत के उस रेस्क्यू मिशन को दर्शाता है, जिसे रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों (जिनमें हजारों छात्र भी शामिल थे) को वापस लाने के लिए शुरू किया गया था।
'ऑपरेशन गंगा' - जिसकी टैगलाइन 'ए नेशंस प्रॉमिस' (एक राष्ट्र का वादा) है - अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर भारत द्वारा किए गए सबसे साहसिक और दिलचस्प ऑपरेशनों में से एक पर आधारित फिल्म होगी। मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल और भाग्यश्री बोर्से के अलावा, इस फिल्म में बॉलीवुड स्टार अर्जुन रामपाल तथा अभिनेता पार्थिबन और आदिल हुसैन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इस फिल्म का निर्देशन नेशनल अवार्ड विजेता फिल्म निर्माता विष्णु मोहन कर रहे हैं, जो अपनी ब्लॉकबस्टर भक्ति फिल्म 'मेप्पाडियन' (Meppadiyan) के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं।
'ऑपरेशन गंगा' की तकनीकी टीम भी बेहद प्रतिभाशाली है। तकनीकी क्रू में सिनेमैटोग्राफर मिरोस्लाव कुबा ब्रोज़ेक शामिल हैं, जिन्होंने ब्लॉकबस्टर फिल्में 'पुष्पा 1' और 'पुष्पा 2' की सिनेमैटोग्राफी की है। इसके अलावा, प्रोडक्शन डिज़ाइनर राजीवन भी टीम का हिस्सा हैं, जो 'GOAT', 'मेइयाझागन', 'अमरन' और 'कथनार' जैसी समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्मों में काम कर चुके हैं। फिल्म के स्टंट्स को एक्शन डायरेक्टर सी यंग ओह कोरियोग्राफ करेंगे, जो 'धुरंधर' और 'किल' जैसी फिल्मों में अपने काम के लिए जाने जाते हैं। पैन-इंडिया फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद, संगीतकार शाश्वत सचदेव 'ऑपरेशन गंगा' के लिए संगीत तैयार कर रहे हैं।
श्री गोकुलम मूवीज़ के बैनर तले गोकुलम गोपालन द्वारा निर्मित 'ऑपरेशन गंगा' की टीम में एडिटर शमीर मोहम्मद और साउंड डिज़ाइनर विश्वदीप चटर्जी भी शामिल हैं। विश्वदीप चटर्जी 'धुरंधर', 'उरी', '3 इडियट्स' और 'पद्मावत' जैसी फिल्मों में अपने काम के लिए मशहूर हैं।
फिल्म के VFX का काम के. वी. संजीत देख रहे हैं। कॉस्ट्यूम डिज़ाइन की जिम्मेदारी 'लोकाह' (Lokah) की कॉस्ट्यूम डायरेक्टर मेल्वी जे के पास है, जबकि मेकअप का काम रोनेक्स ज़ेवियर ने संभाला है।
इस फिल्म के निर्माता गोकुलम गोपालन हैं, जबकि बैजू गोपालन और वी. सी. प्रवीण सह-निर्माता हैं और कृष्णमूर्ति कार्यकारी निर्माता (एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर) हैं।