चचेरी बहन के साथ रेप की कोशिश, विरोध पर गैस सिलेंडर और फावड़ा से हमला कर हत्या
पढ़े पूरी खबर
यूपी। बागपत में छपरौली थाना क्षेत्र के बोहढा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शारीरिक संबंध न बनाने पर 15 वर्षीय किशोरी की चचेरे भाई ने फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को घर में ही दफना दिया। पुलिस आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपी भी नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस ने किशोरी का शव गड्ढे से निकाल पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर जब किशोरी घर पर अकेली थी तो पड़ोस में ही रहने वाले चचेरे भाई ने उसके सिर व शरीर पर कई जगह फावड़े से प्रहार कर उसको मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव घर में ही गड्ढा खोदकर दफना दिया। घर से बाहर निकलते समय उसे खेत से आ रही किशोरी की मां ने देख लिया। जब उसने घर आकर देखा तो वहां किशोरी नहीं थी। उसे गड्ढा खोदकर डाली गई मिट्टी दिखाई दी। यह देख महिला ने शोर मचा दिया तो एकत्र लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने गड्ढे से किशोरी के शव को बाहर निकाल पोस्टमार्टम को भिजवाया। फोरंसिक टीम ने भी मौके पर जांच पड़ताल कर सबूत जुटाए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।
एएसपी एनपी सिंह ने बताया कि हत्यारोपी किशोरी से एकतरफा प्यार करता था। पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि वह चचेरी बहन से शारीरिक संबंध बनाना चाहता था लेकिन उसने इंकार कर दिया था। जिसके बाद उसने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की थी। विरोध जताते हुए किशोरी ने उसकी शिकायत परिजनों से करने की धमकी दी तो आरोपी ने गैस सिलेंडर उसके सिर में मार दिया जिससे किशोरी बेहोश हो गई। इसके बाद उसने फावड़े से प्रहार कर किशोरी की हत्या कर दी और शव को गड्ढा खोदकर उसमें दबा दिया। एएसपी ने बताया कि तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तहरीर नहीं आई है। गांव में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।