Mumbai मुंबई : बॉलीवुड के मशहूर एक्टर अजय देवगन (Ajay Devgn) एक बार फिर अपने पसंदीदा एक्शन जॉनर में वापसी कर रहे हैं। एक्टर ने हाल ही में अपनी नई मास एंटरटेनर फिल्म ‘चौहान’ (Chauhaan) की आधिकारिक घोषणा की है, जिसका टीजर सोशल मीडिया पर जारी होते ही चर्चा में आ गया है।
अजय देवगन पहले भी ‘फूल और कांटे’, ‘सिंघम’ और ‘भोला’ जैसी कई एक्शन फिल्मों में दमदार परफॉर्मेंस दे चुके हैं। अब एक बार फिर उन्हें इस जॉनर में देखना फैंस के लिए खास अनुभव माना जा रहा है। उनकी यह नई फिल्म एक बड़े स्तर की एक्शन-ड्रामा बताई जा रही है।
फिल्म की घोषणा अजय देवगन ने अपने पिता वीरू देवगन की बर्थ एनिवर्सरी के मौके पर की, जिससे यह पल उनके लिए और भी भावनात्मक बन गया। इसी खास दिन पर उन्होंने फिल्म ‘चौहान’ का टीजर जारी कर फैंस को सरप्राइज दिया।
लगभग 2 मिनट 24 सेकंड के इस अनाउंसमेंट टीजर में कश्मीर का माहौल दिखाया गया है, जहां तनावपूर्ण स्थिति और संघर्ष की झलक देखने को मिलती है। टीजर में कुछ लोग सेना के जवानों पर पत्थर और अन्य हथियारों से हमला करते नजर आते हैं, जिससे माहौल काफी गंभीर दिखाया गया है।
इसी बीच फिल्म के मुख्य किरदार ‘चौहान’ की एंट्री होती है, जिन्हें एक मजबूत और निर्णायक किरदार के रूप में पेश किया गया है। उन्हें ऐसे व्यक्ति के तौर पर दिखाया गया है जो देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए खतरा बने हालातों को संभालने की क्षमता रखते हैं।
फिल्म में दिखाया गया यह किरदार हालात को नियंत्रित करने और संकट का समाधान निकालने वाला बताया जा रहा है। टीजर में एक्शन, इमोशन और देशभक्ति का मिश्रण देखने को मिलता है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
सोशल मीडिया पर टीजर रिलीज होते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अजय देवगन के दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और एक्शन अवतार को लेकर दर्शक पहले से ही काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
फिल्म के नाम ‘चौहान’ और इसके डायलॉग्स को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि मेकर्स ने अभी पूरी कहानी और अन्य कलाकारों के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।