Entertainment मनोरंजन: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट को उनके सिनेमा में योगदान के ’ द्वारा ‘अमृत रत्न सम्मान’ से नवाजा गया। इस मौके पर उन्होंने मंच पर अपने फिल्मी सफर, निजी जिंदगी और आने वाली फिल्मों को लेकर खुलकर बातचीत की। कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने उनके विचारों और अनुभवों को काफी सराहा।
आलिया भट्ट ने अपनी आगामी फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर भी खास बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि यह एक एंटरटेनमेंट से भरपूर फिल्म है, जिसमें वह एक्शन अवतार में नजर आएंगी। फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा चुका है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक एक्शन को पुरुषों के क्षेत्र के रूप में देखा गया, लेकिन अब समय बदल रहा है और महिलाओं को भी इस तरह के किरदार निभाने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए।
फिल्म में अभिनेता बॉबी देओल भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे, जो विलेन का किरदार निभा रहे हैं। आलिया ने उनके साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि बॉबी देओल बेहद सरल और प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जो अपनी परफॉर्मेंस को लेकर खुद भी कई बार हैरान रह जाते हैं।
इसी बातचीत में जब आलिया से उनके अपने परफॉर्मेंस को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह खुद की तारीफ करना पसंद नहीं करतीं। उनके अनुसार, एक कलाकार को अपने काम में इतना खो जाना चाहिए कि उसे यह महसूस ही न हो कि वह कितना अच्छा कर रहा है, तभी असली परफॉर्मेंस सामने आती है।
आलिया भट्ट ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से की थी और आज वह इंडस्ट्री की प्रमुख अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक था और वे अक्सर फिल्मों और गानों को देखकर उसी दुनिया में जाने का सपना देखती थीं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी बेटी राहा के बारे में भी भावुक होकर बात की। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी काफी प्रतिभाशाली है और वह छोटी उम्र में ही चीजों को जल्दी सीख लेती है, चाहे वह डांस हो या खेल।
आलिया ने फैंस की मांग पर फिल्म ‘राजी’ का लोकप्रिय गीत भी गाया, जिससे माहौल और भी भावुक और मनोरंजक हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रोडक्शन हाउस ‘एटरनल सनसाइन’ इस विचार पर आधारित है कि कठिन समय में एक अच्छी कहानी या फिल्म लोगों के जीवन में रोशनी ला सकती है।
अंत में उन्होंने ‘अल्फा’ के मायने समझाते हुए कहा कि हर इंसान के अंदर एक मजबूत पक्ष होता है, बस जरूरत आत्मविश्वास की होती है। उन्होंने कहा कि सपने देखना और उन्हें पूरा करना हर किसी का अधिकार है, और यही संदेश वह अपनी फिल्मों के जरिए देना चाहती हैं।