बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार एक बार फिर गुटखा और पान मसाला विज्ञापन विवाद को लेकर चर्चा में आ गए हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान जब एक पत्रकार ने उनसे इस मुद्दे को लेकर सवाल किया तो अभिनेता जोर-जोर से हंसने लगे। उनका यह रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, एक इवेंट के दौरान पत्रकार ने अक्षय कुमार से मजाकिया अंदाज में सवाल किया, "सब केसर बेच रहे हैं और आप Acer बेच रहे हैं?" सवाल सुनते ही अक्षय कुमार मुस्कुराने लगे और फिर जोर से हंस पड़े। इस दौरान उनका रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह सवाल ऐसे समय में आया है जब बॉलीवुड सितारों के पान मसाला और इलायची ब्रांड के विज्ञापनों को लेकर बहस चल रही है। हाल ही में पान मसाला से जुड़े एक विज्ञापन को लेकर कुछ बड़े अभिनेताओं पर सवाल उठे हैं और महाराष्ट्र FDA ने भी इस तरह के विज्ञापनों को लेकर नोटिस जारी किए थे।
गौरतलब है कि अक्षय कुमार पहले भी पान मसाला विज्ञापन को लेकर विवादों में रह चुके हैं। साल 2022 में एक ब्रांड विज्ञापन में नजर आने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अभिनेता ने सफाई देते हुए कहा था कि वह तंबाकू उत्पादों का समर्थन नहीं करते और विज्ञापन से जुड़े विवाद पर अपने प्रशंसकों से माफी भी मांगी थी।
अक्षय कुमार अपनी फिटनेस और स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों के लिए भी जाने जाते हैं, इसलिए जब उनका नाम ऐसे विज्ञापनों से जुड़ा तो फैंस ने सवाल उठाए थे। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके पुराने बयानों को याद करते हुए प्रतिक्रिया दी थी।
हालांकि, इस बार पत्रकार के सवाल पर अक्षय कुमार ने कोई लंबा जवाब देने के बजाय हंसकर प्रतिक्रिया दी। उनका यह अंदाज अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है और लोग इस वीडियो पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
Tags: