साल 2021 अक्षय कुमार की बेलबॉटम, सूर्यवंशी और अतरंगी रे जैसी फिल्में रिलीज हुईं। बेलबॉटम और सूर्यवंशी सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आयीं, वहीं अतरंगी रे सीधे ओटीटी पर रिलीज हुई थी। पैनडेमिक के बीच में रिलीज होने की वजह से बेलबॉटम तो सिनेमाघरों में ठंडी रही, मगर महाराष्ट्र में सिनेमाघर खुलने के बाद रिलीज हुई सूर्यवंशी बेहद सफल रही। इस फिल्म ने 195 करोड़ के आसपास नेट कलेक्शन किया। अब 2022 में अक्षय अपने अगले सफर की ओर बढ़ चुके हैं और इसका एलान उन्होंने एक सेल्फी के साथ किया है। मगर, इस सेल्फी में वो अकेले नहीं हैं, उनके हमसफर हैं इमरान हाशमी और अक्षय की इस तस्वीर को अगली फिल्म सेल्फी का आगाज माना जा रहा है।



बुधवार सुबह अक्षय ने सोशल मीडिया में तस्वीर पोस्ट की, जिसमें एक सुनसान सड़क पर वो बाइक पर सवार हैं। साथ में इमरान हाशमी दूसरी बाइक पर हैं और अक्षय सेल्फी ले रहे हैं। इस तस्वीर के साथ अक्षय ने लिखा- मैंने अपने लिए परफेक्ट सेल्फी पार्टनर ढूंढ लिया है। अक्षय ने इस फोटो में करण जौहर को टैग करके पूछा, क्या हम इस सेल्फी गेम में कातिल दिख रहे हैं।
अक्षय के इस सवाल का जवाब करण जौहर ने अपनी इंस्टा स्टोरी के जरिए दिया। करण ने जवाब में लिखा- आप दोनों की तरह सेल्फी में कोई और कातिलाना दिख ही नहीं सकता। इसके साथ करण ने लिखा कि हमारे साथ बने रहिए। कुछ बड़ा आने वाला है।


सेल्फी को करण जौहर की कम्पनी धर्मा प्रोडक्शंस प्रोड्यूस कर रही है। इस प्रोजेक्ट में अक्षय और इमरान पहली बार साथ काम करने वाले हैं। 2021 में इमरान मुंबई सागा, चेहरे और डिबुक में नजर आये थे। मुंबई सागा और चेहरे सिनेमाघरों में रिलीज हुई थीं। डिबुक सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आयी थी। अक्षय ने इससे पहले अपनी अकेले की सेल्फी पोस्ट की थी, जो मुंबई के मैरीन ड्राइव की बैकग्राउंड में ली गयी थी।
2022 में अक्षय कुमार की पृथ्वीराज, रक्षा बंधन और राम सेतु रिलीज होने वाली हैं। इसके अलावा ओह माई गॉड 2 की भी शूटिंग उन्होंने शुरू कर दी है। पृथ्वीराज 21 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, मगर कोरोना मामले बढ़ने के बाद सिनेमाघरों पर लगे प्रतिबंधों के चलते रिलीज स्थगित कर दी गयी।

Tags: