Ajay Devgn's का नया प्रोजेक्ट, पर्दे पर सुनाएंगे क्राइम की सच्ची घटनाओं की कहानी

Update: 2026-08-02 11:41 GMT

मुंबई :   बॉलीवुड के सिंघम यानी अजय देवगन अब फिल्मों के बाद टीवी की दुनिया में भी अपनी नई पारी शुरू कर सकते हैं। बॉलीवुड के कई बड़े सितारे फिल्मों के साथ-साथ टीवी शो होस्ट करते नजर आ चुके हैं। इस लिस्ट में सलमान खान, अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार जैसे नाम शामिल हैं। अब खबर है कि अजय देवगन भी जल्द ही एक क्राइम शो के होस्ट के रूप में नजर आ सकते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय देवगन को सोनी टीवी के एक नए क्राइम शो के लिए अप्रोच किया गया है। शो के मेकर्स और अजय देवगन के बीच बातचीत चल रही है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अजय ने इस प्रोजेक्ट के लिए अपनी सहमति भी दे दी है। हालांकि, अभी तक चैनल या अजय देवगन की तरफ से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो अजय देवगन जल्द ही इस नए शो की शूटिंग शुरू कर सकते हैं। यह क्राइम शो सच्ची घटनाओं पर आधारित होगा, जिसमें अपराध से जुड़े मामलों को दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। शो के फॉर्मेट, एपिसोड और बाकी कलाकारों को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

अजय देवगन का टीवी से जुड़ने का यह पहला बड़ा मौका होगा। हालांकि, इससे पहले भी कई बॉलीवुड कलाकार टीवी शो होस्ट करके अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। सलमान खान लंबे समय से रियलिटी शो बिग बॉस के होस्ट के तौर पर लोकप्रिय हैं। वहीं, अक्षय कुमार ने हाल ही में गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ को होस्ट किया था। अगर अजय देवगन यह क्राइम शो करते हैं तो उनका नाम भी बॉलीवुड के उन सितारों में शामिल हो जाएगा जिन्होंने टीवी पर होस्टिंग की है।

इससे पहले भी अजय देवगन के टीवी शो होस्ट करने की खबरें सामने आई थीं। इस साल की शुरुआत में चर्चा थी कि वह कलर्स के शो ‘द 50’ को होस्ट कर सकते हैं। हालांकि, बाद में ऐसा नहीं हुआ और शो के होस्ट को लेकर कोई बड़ा खुलासा नहीं किया गया। इस शो के विजेता शिव ठाकरे बने थे।

अजय देवगन के फिल्मी करियर की बात करें तो हाल ही में उनकी फिल्म ‘धमाल 4’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में उनके साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी, संजीदा शेख, रवि किशन, संजय मिश्रा और जावेद जाफरी जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों और सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी।

वहीं, अजय देवगन के आने वाले प्रोजेक्ट्स की बात करें तो उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म इसी साल रिलीज हो सकती है। इसके अलावा अजय देवगन रोहित शेट्टी की सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ में भी नजर आएंगे।

‘गोलमाल 5’ को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में पुराने कलाकारों के साथ कुछ नए चेहरे भी शामिल हो सकते हैं। अजय देवगन की फिल्मों के अलावा अब टीवी प्रोजेक्ट को लेकर भी फैंस उत्साहित हैं। अगर वह क्राइम शो होस्ट करते हैं तो दर्शकों को उनका एक नया अंदाज देखने को मिलेगा।

फिल्मों में गंभीर किरदार और एक्शन के लिए मशहूर अजय देवगन की आवाज और स्क्रीन प्रेजेंस को देखते हुए माना जा रहा है कि वह क्राइम शो के लिए एक मजबूत विकल्प साबित हो सकते हैं। अब देखना होगा कि यह प्रोजेक्ट कब तक आधिकारिक रूप से सामने आता है और अजय देवगन टीवी पर कब अपनी नई भूमिका में नजर आते हैं।

Tags:    

Similar News