दिल्ली में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बचाने आई मौसी को भी चाकू मारा
दिल्ली में पुरानी दुश्मनी बनी हमले की वजह
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के फर्श बाजार इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर बदमाशों ने गोलियां चला दीं। हमले में युवक के हाथ और पैर में दो गोलियां लगीं। गोली चलने की आवाज सुनकर उसे बचाने पहुंची मौसी पर भी आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल युवक की पहचान जावेद के रूप में हुई है, जबकि उसकी मौसी का नाम मुन्ना देवी बताया गया है। दोनों को इलाज के लिए डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फर्श बाजार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस के मुताबिक जावेद अपने परिवार के साथ भीकम सिंह कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। सोमवार रात वह घर के बाहर दरवाजे के पास बैठा हुआ था। तभी सीमापुरी थाना क्षेत्र के रहने वाले तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने आते ही पिस्टल निकाली और जावेद पर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग की आवाज सुनकर घर और आसपास के लोग बाहर निकले। इसी दौरान जावेद की मौसी उसे बचाने के लिए आगे आईं। आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
शुरुआती जांच में पुलिस को वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि रंजिश किस बात को लेकर थी और विवाद कितना पुराना था, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। फर्श बाजार थाना पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हमलावरों के पास हथियार कहां से आया और वारदात पहले से योजनाबद्ध थी या अचानक हुए विवाद के बाद हमला किया गया। इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।