लुटियन दिल्ली में क्यूआर कोड स्कैन करते ही आपको मिलेंगी ये विशेष जानकारियां

लुटियन दिल्ली में चार हजार पेड़ों पर विशेष क्यूआर कोड लगाए गए हैं।

Update: 2022-02-25 07:10 GMT

लुटियन दिल्ली में चार हजार पेड़ों पर विशेष क्यूआर कोड लगाए गए हैं। इसको स्कैन करते ही पेड़ के बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी। एनडीएमसी ने अपने क्षेत्र के सौ से ज्यादा अलग-अलग प्रजातियों के पेड़ों पर क्यूआर कोड बांध दिए हैं। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद ने तीन साल पहले अपने क्षेत्र के पेड़ों की गणना शुरू की थी। इस दौरान परिषद क्षेत्र में सड़क किनारे, उद्यानों, स्कूलों और सार्वजनिक जगहों पर लगे पेड़ों की गिनती की गई।

एनडीएमसी के एक अधिकारी के मुताबिक, इस समय एक लाख 80 हजार से ज्यादा पेड़ हैं। जबकि, लगभग दो लाख दस हजार पेड़ ऐसे हैं जो धीरे-धीरे वृक्ष बनने की तरफ बढ़ रहे हैं। इनके तने की मोटाई दस सेंटीमीटर से कम होने के चलते इन्हें फिलहाल गणना में शामिल नहीं किया गया है। गणना के साथ ही इनमें से चार हजार पेड़ों पर क्यूआर कोड बांध दिया गया है। कोशिश है कि तीनों प्रमुख उद्यानों व एवेन्यू सड़कों पर हर दो सौ मीटर के बाद किसी न किसी पेड़ पर क्यूआर बैंड बंधा हो।
एक ही प्रजाति के सभी पेड़ों को बैंड पहनाने की बजाय अलग-अलग प्रजातियों को बैंड बांधा गया है। ताकि, लोगों को पेड़ों के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी हासिल हो सके। एनडीएमसी के अधिकारी ने बताया कि इससे लोगों को अपने क्षेत्र के पेड़ों के बारे में जानकारी मिलेगी और उनमें पर्यावरण के प्रति लगाव पैदा होगा। जबकि, बाहर से आने वाले लोग भी एनडीएमसी क्षेत्र में मौजूद वनस्पतिक विविधता के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।यह जानकारी मिलेगी
क्यूआर को एनडीएमसी के मोबाइल ऐप एनडीएमसी 311 के जरिए स्कैन करने पर पेड़ की जीपीएस लोकेशन, वैज्ञानिक व सामान्य नाम, उसकी ऊंचाई, लंबाई और उसके आकार के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही पेड़ का स्वास्थ्य कैसा है, पेड़ को कहां लगाना चाहिए और पांच तस्वीरें भी मिलेंगी। पेड़ पर फूल और फल कब आते हैं और अगर कोई स्वास्थ्य संबंधी उसका कोई इस्तेमाल है तो उसके बारे में भी जानकारी मिलेगी।


Tags:    

Similar News

-->