कड़कड़डूमा में महिला की हत्या, पति ने किया कत्ल; पुलिस ने आरोपी को बताया गिरफ्तार

Update: 2026-06-29 16:36 GMT
Shahdara शाहदरा। दिल्ली के कड़कड़डूमा इलाके में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस संबंध में डीसीपी Rajendra Prasad Meena ने बताया कि 28 जून की सुबह आनंद विहार थाने को एक कॉल मिली थी, जिसमें खून से लथपथ महिला के मिलने की सूचना दी गई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका का उसके पति से विवाद चल रहा था। पूछताछ में यह भी पता चला कि महिला बिना पति की अनुमति के घरेलू काम (मेड) करने लगी थी, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था।
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी की पहचान लखनऊ निवासी के रूप में हुई है, जो वहां रेहड़ी-पटरी लगाकर अपना जीवन यापन करता था। बताया गया है कि यह उसकी दूसरी शादी थी।
डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू की और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई, जिसके आधार पर मामला स्पष्ट हुआ। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है।
पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और यह भी जांच की जा रही है कि वारदात की साजिश पहले से रची गई थी या यह अचानक हुए विवाद का परिणाम था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Tags:    

Similar News