पति सहित दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Update: 2022-07-17 12:34 GMT

नोएडा. दिल्ली से सटे नोएडा में एक महिला की हत्या के मामले में फरार दो लोगों को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया. सूरजपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि 14 जून को कस्बा सूरजपुर निवासी महिला पुष्पा की उसके पति लाल सिंह तथा उसके रिश्तेदार मनोज और राकेश ने मिलकर हत्या कर दी थी. उन्होंने बताया कि मामले में फरार मनोज और राकेश को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. लाल सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.

थाना प्रभारी ने एक मामले का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में कस्बा सूरजपुर से एक बंदूक लूटने के मामले में फरार बदमाश सतीश को भी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, अमित नामक एक अन्य युवक को मादक पदार्थ रखने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया और उसके पास से 4 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया है.

आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा

जेवर के थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि सात जुलाई को विजयपाल नामक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नोएडा के गांव गोपालगढ़ निवासी राकेश तथा उसके परिजनों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी पूजा की हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले में शनिवार को राकेश को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा.

गोलू के साथ मिलकर ईंट से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी

बता दें कि नोएडा में इन दिनों अपराध के मामले बढ़ गए हैं. बीते दिनों बादलपुर क्षेत्र के कुड़ी खेड़ा गांव में एक महिला ने अपने दोस्त की मदद से कथित तौर पर पति की हत्या कर दी थी. पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने दोस्त के साथ मिलकर पति का सिर ईंट से कुचल दिया था. घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच कर दी है. पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान कुड़ी खेड़ा निवासी 30 वर्षीय भूपन के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि भूपन की पत्नी शोभा देवी ने अपने दोस्त सागर उर्फ गोलू के साथ मिलकर ईंट से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी.

Tags:    

Similar News