युवक को भाजपा प्रत्याशी की जीत का व्हाट्सएप स्टेटस लगाना पड़ा भारी, घायल युवकों की कॉल पर पहुंची पुलिस

मारपीट की घटना के बाद कॉलोनी निवासी दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ गया

Update: 2022-02-13 08:58 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिस्ता वेबडेस्क: नोएडा। सेक्टर-63 कोतवाली स्थित बुद्ध विहार कॉलोनी के 25 फुटा रोड निवासी युवक को भाजपा प्रत्याशी की जीत का व्हाट्सएप स्टेटस लगाना भारी पड़ गया। आरोप है कि दूसरे समुदाय के युवक ने स्टेटस पर अभद्र टिप्पणी की। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष में मारपीट हुई। एक पक्ष के 15 लोगों ने दूसरे पक्ष के चार युवकों की पिटाई कर बंधक बना लिया। घायल युवकों की कॉल पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मुक्त कराकर अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष की तहरीर 15 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार रात सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास से पकड़े गए आरोपियों की पहचान बुद्ध विहार निवासी सलीम उर्फ पाशा, अफरोज, राजा अहमद, मोहम्मद शादाब और मोहम्मद अमन के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में व्याप्त तनाव को देखते हुए बुद्ध विहार में पुलिस तैनात कर दी गई है।

छिजारसी के बुद्ध विहार 25 फुटा रोड निवासी विरेंद्र चौधरी ने चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत का व्हाट्सअप स्टेटस लगाया था। आरोप है कि शुक्रावर रात कॉलोनी निवासी सलीम उर्फ पाशा ने वीरेंद्र के स्टेटस पर अभद्र टिप्पणी शुरू कर दी। विरोध करने पर गाली-गलौच करनी शुरू कर दी। वीरेंद्र ने कॉलोनी के बाहर पाशा को बातचीत के लिए बुलाया। आरोप है कि पाशा और उसके साथियों ने वहां पहुंचकर वीरेंद्र समेत चार युवकों की पिटाई कर दी। चारों युवकों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करने पर पाशा के घर पर बैठकर बातचीत की सहमति बनी। पाशा की कॉलोनी में वीरेंद्र समेत चारों युवकों के पहुंचने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि उन पर पथराव भी किया गया। जिसके बाद पाशा समेत 15 अन्य ने चारों को मारपीट करके अपने ही घर में बंधक बना लिया। उधर, पीड़ितों ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-63 कोतवाल ने टीम के साथ पहुंचकर घायलों को पाशा के घर से मुक्त कराया। वीरेंद्र की हालत गंभीर होने के कारण उसे छिजारसी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि तीन अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुटटी दे दी गई। वीरेंद्र की ओर से कॉलोनी निवासी सलीम उर्फ पाशा, सलमान, अल्ताफ, अफरोज, अमन और शादाब समेत 15 के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। विवाद की वजह से बुद्ध विहार कॉलोनी में तनाव व्याप्त हो गया है। जिसे देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन 
मारपीट की घटना के बाद कॉलोनी निवासी दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ गया। घटना के विरोध में रात में ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पर जाकर हंगामा किया। पुलिस की ओर से केस दर्ज करने की जानकारी दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारी लौट गए।
बुद्घ विहार कॉलोनी में मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। 
Tags:    

Similar News

-->