चार दिवसीय बजट सत्र बेहद सफल रहा, विपक्ष का नहीं आना निंदनीय : प्रवेश वर्मा

Update: 2026-03-27 16:26 GMT
Delhi दिल्ली। राजधानी दिल्ली की भाजपा सरकार ने दिल्ली विधानसभा में शुक्रवार को वर्ष 2026-27 का बजट पास कर दिया। इस बजट को लेकर सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि चार दिवसीय बजट सत्र बेहद सफल रहा। लेकिन, विपक्ष का सत्र में शामिल नहीं होना निंदनीय है।
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि सरकार ने जो भी एजेंडा तय किए थे, वे सभी पूरे हुए। सीएजी की सभी रिपोर्ट, पीएसी की सभी रिपोर्ट, विधेयक, और विशेष रूप से बजट पर बहुत अच्छी चर्चा हुई। चार दिनों तक चले इस सत्र में विपक्ष की भूमिका थी कि वे बजट सत्र में भाग लें। लेकिन, उन्होंने अपनी राजनीति को प्राथमिकता दी। यह निंदनीय है।
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आज मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि दिल्ली विधानसभा में एक ऐतिहासिक बजट पारित किया गया है। यह एक 'ग्रीन बजट' है। यह अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल के 6 वर्षों के बराबर है। इस बजट में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खास तौर पर वातावरण को दुरुस्त करने के लिए चिंता व्यक्त की है।
मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि जो बजट हमारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता लेकर आई हैं, उस बजट से दिल्ली की जनता को लाभ मिलना चाहिए। यह उनका अधिकार है, उन्हें उनका अधिकार मिलना चाहिए। हम ऐसा बजट लेकर आए हैं।
भाजपा विधायक करनैल सिंह ने कहा कि बजट को लेकर काफी चर्चा हुई, लेकिन विपक्ष वहां मौजूद नहीं था, क्योंकि वे अपनी जिम्मेदारियों से बचते रहे। विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली का बजट बहुत बढ़िया है। यह एक 'ग्रीन बजट' है और यह ऐसा बजट है जो दिल्ली की जनता की इच्छाओं को पूरा करता है। यह बजट आज पारित हो गया है।
विधायक कैलाश गहलोत ने कहा कि बजट पर काफी चर्चा हुई और सभी विधायकों तथा मंत्रियों ने बजट पर चर्चा की कि अलग-अलग विभागों के लिए बजट का आवंटन किस तरह किया गया है, बेटियों के लिए साइकिल जैसी कुछ नई योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है।
Tags:    

Similar News