कारोबारी की चाकू से एक दर्जन से ज्यादा वार कर हत्या, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ़्तार

Update: 2022-07-06 05:43 GMT

दिल्ली क्राइम न्यूज़: पूर्वी जिला के थाना कल्याणपुरी इलाके में एक दोस्त के साथ हुए झगड़े में बीच-बचाव कराने के दौरान एक फर्नीचर कारोबारी अर्जुन (28) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। नाबालिग आरोपी व उसके भाई ने अर्जुन को एक दर्जन से जयादा बार चाकू मारे, युवक की अस़्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अर्जुन दुकान से अपने दोस्त सागर उर्फ कलवा के साथ घर वापस आ रहा था। सागर का एक नाबालिग लडक़े से झगड़ा हो गया। नाबालिग ने अपने भाई को मौके पर बुला लिया दोनों मिल कर सागर को बुरी तरह पिटने लगे। अर्जुन बीच-बचाव कराने लगे तो आरोपी आग बबूला हो गए दोनों ने अपने पास मौजूद चाकू से अर्जुन पर ताबड़तोड़ वार कर दिये।

दोनों आरोपियों को इलाके से ही पकड़ा: सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अर्जुन को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर नाबालिग आरोपी व उसके भाई हर्ष उर्फ दीपांशु उर्फ कचौरी (21) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की तफतीश कर रही है। अर्जुन परिवार के साथ ईस्ट विनोद नगर इलाके में रहता था। परिवार में माता-पिता दो भाई, पत्नी ढाई साल की बेटी और छह माह का बेटा है। अर्जुन व उसके भाईयों का त्रिलोकपुरी 8 ब्लॉक के पास फर्नीचर का कारोबार है। सोमवार रात को काम खत्म करने के अर्जुन अपने दोस्तों से मिलने के लिए त्रिलोकपुरी आठ-ब्लॉक आया था। नाबालिग आरोपी दुकान से सामान खरीद रहा था। किसी बात पर अर्जुन के दोस्त सागर उर्फ कलवा से नाबलिग की बहस हो गई। नाबालिग ने अपने भाई हर्ष उर्फ कचोरी को बुला लिया। दोनों ने सागर पर लात-घंूसों से हमला कर दिया। अर्जुन आरोपियों से सागर को बचाने लगा, तो दोनों भाईयों ने चाकू से अर्जुन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिये। जब आरोपी अर्जुन को चाकू मार रहे थे जान बचाने के लिए अर्जुन का दोस़्त सागर उर्फ कलवा अर्जुन को छोडक़र वहां से भाग गया।

काफी देर तक सडक़ पर पड़ा रहा अर्जुन: दोनों भाईयों ने अर्जुन पर चाकू के दर्जनभर से अधिक वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। काफी देर अर्जुन सडक़ पर पड़ा रहा। आसपास के लोगों ने पुलिस को वारदात की सूचना दी।

भाई को फोन पर दी चाकू मारे जाने की सूचना: अर्जुन के भाई गौरव ने बताया कि उसके एक दोस्त ने उसे कॉल कर अर्जुन को चाकू मारने की सूचना दी थी। उसने कहा कि किसी अर्जुन को चकू मार दिये हैं तेरा भाई तो नही है देख ले। पीसीआर की गाड़ी अर्जुन को नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

निजी अस्पताल ले जाने देती पुलिस तो बच जाती अर्जुन की जान: अर्जुन के भाई गौरव ने बताया कि अर्जुन भाईयों में सबसे छोटा था। सोमवार रात को वह दुकान से पहले निकल गया। गौरव जब रास्ते में था तो उसके पास एक कॉल आया। कॉलर ने अर्जुन को चाकू लगने की बात कही। गौरव मौके पर पहुंचा तो पीसीआर पुलिस उसके भाई को उठाकर गाड़ी में डाल रहे थे। उस समय तक अर्जुन जिंदा था।

परिजनो ने लगाए पुलिस पर गंभीर आरोप: अस्पताल पहुंचने पर अर्जुन की तबीयत बिगड़ गई परिजनों ने पुलिस कर्मीयों से कहा कि वह अर्जुन को किसी प्राइवेट अस्पताल ले जाना चाहते हैं, लेकिन पुलिस कर्मीयों ने मना कर दिया। कुछ ही देर में इलाज के दौरान अर्जुन की मौत हो गई। परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

आरोपी मारते रहे चाकू, जिसे बचाने गया था वह दोस्त भी भाग गया: अर्जुन को चाकू से एक दर्जन से ज्यादा वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। अर्जुन का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने दोस्त को बचाने का प्रयास किया था। लेकिन आरोपी अर्जुन को चाकू मारते रहे और उसका दोस्त उसे छोड़ कर मौके से भाग गया।

परिजनों का रो-रो कर है बुरा हाल: मौके पर बहुत से लोग भी मौजूद थी लेकिन सभी अर्जुन की मौत का तमाशा देखते रहे। उसके बचाने के लिये कोई भी आगे नहीं आया। अर्जुन की मौत की सूचना मिलने के बाद से उसके परिवार पत्नी व बच्चों का के आंसू थम नहीं रहे हैं। पत्नी रोते-रोते कई बार अचेत हो चुकी है। 

Tags:    

Similar News

-->