Delhi दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बताया कि हरियाणा के हिसार कैंटोनमेंट में तैनात भारतीय सेना के एक जवान का शव दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके के एक होटल में फंदे से लटका मिला। पुलिस को होटल से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें मृतक ने यह कदम उठाने के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी अनिल साई तेजा वल्लेपु (26) के तौर पर हुई है। वह 19 अगस्त को होटल में ठहरा था। शनिवार दोपहर 12:19 बजे, साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन को एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि सत्य निकेतन के एक होटल में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति छत के पंखे से लटका हुआ मिला। एक अधिकारी ने बताया कि क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया।

सुसाइड नोट में किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया था। अधिकारी ने बताया कि आगे की जरूरी कार्रवाई के लिए शव को सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारी ने कहा कि आत्महत्या के मामले में कानून के अनुसार BNSS की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया और भारतीय सेना को भी इसकी जानकारी दे दी गई।

Tags: