Sector--49 पुलिस की कार्रवाई, चार बदमाश गिरफ्तार

प्रयुक्त कार बरामद की गई है।

Update: 2026-07-01 13:19 GMT

Noida नोएडा : दिल्ली-एनसीआर में राहगीरों को कार में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले एक संगठित गैंग का थाना सेक्टर-49 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक आईफोन-16, स्मार्ट वॉच, 2,300 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि 29 जून को लॉजिक्स मॉल में काम करने वाले एक युवक के साथ यह घटना हुई थी। पीड़ित ने थाना सेक्टर-49 में शिकायत दर्ज कराई थी कि सेक्टर-50 के पास कुछ लोगों ने उसे कार में लिफ्ट दी और फिर उसका मोबाइल फोन, चार्जर, पावर बैंक और नकदी लूट ली। आरोपियों ने धमकाकर उसका मोबाइल अनलॉक कराया और बैंक खाते से रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर ली।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने चार आरोपियों को सेक्टर-50 के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित, नितिन, विवेक और ऋषि के रूप में हुई है। सभी आरोपी फिरोजाबाद जिले के आसपास के गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं और पहले दिल्ली-एनसीआर में वाहन चलाने और मजदूरी का काम करते थे। बाद में जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने यह तरीका अपनाया। वे सड़क पर चलते लोगों को कार में लिफ्ट देते, फिर उनसे मोबाइल, नकदी और अन्य सामान छीन लेते थे। इसके बाद डराकर मोबाइल अनलॉक कराकर बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर कर लेते थे।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अन्य वारदातों में भी शामिल होने की आशंका है। उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Tags:    

Similar News