साहिबाबाद: शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के एक्सटेंशन एक के पास 80 फुटा निवासी कासिम के मकान में घुसकर चोरों ने 1.80 लाख की नकदी व लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात 14 जुलाई की तड़के करीब तीन बजे हुई। कासिम व उनका परिवार जब सो कर उठा तब चोरी का पता चला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना देकर तहरीर दी।

पुलिस को दी तहरीर में कासिम ने बताया कि वह अपने भाई के साथ इमारत में लोहे व अल्युमिनियम का सामान लगाने का काम करते हैं। करीब ढाई माह पहले उन्होंने नया घर खरीदा था। कुछ दिन पहले ही घर में मरम्मत व निर्माण का कार्य शुरू करवाया था इसके वजह से घर के पिछले हिस्से में बनी खिड़की वह दरवाजे खुले हुए थे। सोमवार सुबह करीब सात बजे जब वह सोकर उठे तब उन्होंने देखा कि उनके कमरे का दरवाजा बाहर की तरफ से बंद है। उन्होंने आस पड़ोस के लोगों को फोन कर दरवाजा खुलवाया तब पता चला कि दूसरे कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला की अलमारी में रखी 1.80 लाख रुपये की नकदी और करीब दो लाख रुपये के जेवरात गायब थे। उन्होंने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जिसमें घर के पिछले हिस्से से निकलता हुआ एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा था। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Tags: