Delhi दिल्ली : महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत 2020 के एक मामले में वांछित 32 वर्षीय एक व्यक्ति को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने इंद्रपुरी इलाके से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान दक्षिण दिल्ली के मदनगीर निवासी सूरज उर्फ माइकल के रूप में हुई है। वह कई सालों से गिरफ्तारी से बच रहा था। अंबेडकर नगर थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में दिसंबर 2024 में उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। पुलिस उपायुक्त (अपराध) आदित्य गौतम के अनुसार, सूरज कुख्यात 'ठक-ठक' गिरोह का जाना-माना सदस्य है और डकैती, सेंधमारी, मोटर वाहन चोरी और अवैध हथियार रखने समेत करीब 30 मामलों में शामिल रहा है। यह गिरफ्तारी गिरोह के सरगना पी सिल्वा के नेतृत्व वाले अपराध सिंडिकेट पर चल रही कार्रवाई का हिस्सा है,
जो दिल्ली-एनसीआर में स्नैचिंग, चोरी और सशस्त्र डकैती में लिप्त एक नेटवर्क संचालित कर रहा था। गिरोह के कई सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन सूरज भूमिगत रहने में कामयाब रहा था। विशेष इनपुट के बाद, सूरज की गतिविधियों का पता इंद्रपुरी इलाके में लगाया गया। उसे 19 जून को एक लक्षित अभियान के दौरान पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान सूरज ने खुलासा किया कि वह 2013 में गिरोह में शामिल हुआ था और लगभग एक दशक पहले एक बड़ी सड़क दुर्घटना में बच जाने के बाद भी अपनी आपराधिक गतिविधियों को जारी रखा। पुलिस ने कहा कि वह पहचान से बचने के लिए अंबेडकर नगर से इंद्रपुरी में स्थानांतरित हो गया था और चुपके से काम करता रहा।