नॉएडा पुलिस ने बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ में किया गिरफ़्तार

Update: 2022-12-16 05:46 GMT

दिल्ली क्राइम न्यूज़: दिल्ली से सटे नोएडा में थाना फेस 2 पुलिस ने चार साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाले एक व्यक्ति को वीरवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पहले पुलिस पर फायरिंग की थी। इस बीच पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में जा लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

सेन्ट्रल नोएडा जोन एडीसीपी साद मियां खां ने बताया कि थाना फेस 2 क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी। उनका आरोप था कि प्रमोद नाम के व्यक्ति ने उनकी चार साल की बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगी थी। पुलिस को वीरवार सुबह सूचना मिली कि प्रमोद सेक्टर 83 मेट्रो स्टेशन के पास खड़ा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घेर लिया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। इस पर उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पैर में लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान नोएडा के याकूबपुर निवासी प्रमोद दास के रूप में हुई है। वह मूलरूप से बिहार के सहरसा स्थित अमरुल्ला गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उससे तमंचा और कारतूस बरामद किया है। 

Tags:    

Similar News

-->