नई दिल्ली: सदर बाजार इलाके में चोरी के इरादे से घुसे बदमाश ने युवक की बेरहमी से की हत्या

Update: 2022-03-16 12:39 GMT

दिल्ली क्रीम न्यूज़: उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में चोरी के इरादे से घुसे एक बदमाश ने युवक की हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त रोहान के रूप में हुई। आरोपित ने पहले गमछे से रोहान का गला घोंटा, इसके बाद उस पर चाकू के आधा दर्जन से अधिक वार किए। बाद में आरोपित उसके 10 हजार से अधिक कैश लूटकर फरार हो गया। सदर बाजार थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस ने करीब 26 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके बाद आरोपित की पहचान कर उसे 24 घंटे के भीतर दबोच लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान नूर मोहम्मद खान उर्फ लालू (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू, वारदात के समय पहने हुए कपड़े और लूटे गए 8260 रुपये बरामद कर लिये हैं। आरोपित से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उत्तरी जिला डीसीपी सागर सिंह कलसी ने बताया कि देर रात करीब 1.40 बजे सदर बाजार थाना पुलिस को एक युवक की हत्या की खबर मिली। पुलिस गली पहाड़ वाली, अल-कुरैश मस्जिद के पास एक मकान में दूसरी मंजिल पर पहुंची। वहां अंदर कमरे में रोहान नामक युवक का शव जमीन पर खनू से लथपथ पड़ा था। लोकल पुलिस के अलावा क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया।

मृतक के गले पर निशान थे। इसके अलावा उस पर चाकू से भी हमला किया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजकर जांच शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि मूलरूप से किशनगंज, बिहार का रहने वाला रोहान अपने करीब 10 साथियों के साथ कमरे पर रहता था। सभी का मोमोज बेचने का काम है। दोपहर करीब 3.00 बजे सभी मोमोज बेचने चले जाते हैं, इसके बाद देर रात को सभी लौटते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच की। एक संदिग्ध युवक शाम करीब 6.00 बजे बिल्डिंग में घुसता दिखा। लेकिन वह चंद ही मिनटों बाद वापस आ गया। इसके बाद संदिग्ध युवक दोबारा 7.00 अंदर दाखिल हुआ। लेकिन इस बार वह पूरे 34 मिनट बाद बाहर आया। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपित की पहचान की। बाद में आरोपित को मंगलवार बाड़ा हिन्दूराव इलाके से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपित ने बताया कि करीब दो साल पूर्व वह भी इसी कमरे में रहता था। फिलहाल पिछले कुछ दिनों से उसकी आर्थिक स्थिति खराब चल रही थी। उसे पता था कि कमरे पर रहने वाले सभी युवक दोपहर को चले जाते हैं और देर रात को वापस लौटते हैं।

शाम को वह कमरे में चोरी के इरादे से घुसा। उसने देखा कि कमरे में रोहान बैठा हुआ है। वह वापस लौट आया। दोबारा 7.00 बजे वह कमरे में दोबारा पहुंचा तो वहां उस समय भी रोहान बैठा हुआ था। इस बार आरोपित नूर अंदर घुसकर उससे बात करने लगा। इसी दौरान फोन पर रोहान ने किसी से कहा कि उसके पास अभी दस हजार रुपये मौजूद हैं। यह सुनकर नूर ने उसकी हत्या करने का मन बना लिया। आरोपित ने अचानक वहां पड़ा गमछा उठाकर पहले उसका गला घोंटा, बाद में उसने चाकू से कई वार किए। इसके बाद कमरे की तलाशी लेकर आरोपित ने रुपये ढूंढ लिये। बाद में वह फरार हो गया।

Tags:    

Similar News