New Delhi: रेखा गुप्ता ने विकास कार्यों पर सरकार का रुख स्पष्ट किया

जनकल्याणकारी योजनाओं पर सरकार का जोर

Update: 2026-06-27 07:29 GMT

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। यह बात मुख्यमंत्री ने “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत बवाना गांव में आयोजित जनसभा में कही। जनसभा में दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह, सांसद योगेंद्र चंदोलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष विनोद सहरावत, उपमहापौर जय भगवान यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री ने मुख्यमंत्री के समक्ष बवाना विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं दीर्घकालिक विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि बवाना विधानसभा दिल्ली का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है और यहां आधुनिक आधारभूत सुविधाओं, खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन तथा ग्रामीण विकास से संबंधित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाना आवश्यक है।

मंत्री इंद्राज सिंह द्वारा प्रस्तुत प्रमुख प्रस्तावों में दरियापुर स्टेडियम का सौंदर्यीकरण, बवाना स्टेडियम के पीछे स्थित भूमि का विकास एवं सौंदर्यीकरण, बवाना चौक तालाब तथा पूठ गांव के तालाब का सौंदर्यीकरण, बाजितपुर स्थित सिविल डिफेंस की भूमि पर आधुनिक खेल परिसर का निर्माण, कुतुबगढ़ डिस्पेंसरी को मिनी हॉस्पिटल में विकसित करना, पूठ कला सेक्टर-22 में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, पूठ कला स्थित कुटी झील का सौंदर्यीकरण, दरियापुर-मूनक नहर के ऊपर एलिवेटेड रोड का निर्माण, मूनक नहर पर बने पुल की मरम्मत, बवाना बाईपास का निर्माण, रिठाला से केएमपी तक कनेक्टिविटी विकसित करना, अदिति कॉलेज के लिए स्थायी भवन का निर्माण, ग्रामीण गौशालाओं को सरकारी सहायता उपलब्ध कराना तथा शाहबाद डेयरी लाल स्कूल के निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा करना शामिल हैं।

मंत्री इंद्राज सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से बवाना विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास एवं यातायात सुविधाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के लाखों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बवाना विधानसभा के विकास संबंधी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना तथा कहा कि दिल्ली सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनता की आवश्यकताओं और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए सभी प्रस्तावों का संबंधित विभागों के माध्यम से परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं दिल्ली सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत 2047 एवं विकसित दिल्ली के विजन पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। उपस्थित नागरिकों ने डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में विकास यात्रा को और गति देने तथा विकसित भारत एवं विकसित दिल्ली के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

Tags:    

Similar News